पीड़ितों ने इस संबंध में डोरंडा थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले 20 सालों से रांची के डोरंडा इलाके में एक किराए के मकान में रहते हैं। पीड़ितों के मुताबिक उन्हें बीते एक सप्ताह से स्थानीय लोग शहर छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। इससे वे काफी डरे हुए हैं, उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
कश्मीरी युवकों का नाम बिलाल अहमद, शब्बीर अहमद और वसीम अहमद है। बिलाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोग उन्हें हर रोज धमकी दे रहे हैं। यहां तक कि उनके साथ मारपीट भी की जा रही थी। पीड़ितों का कहना है कि गुरुवार को सोनू नामक स्थानीय युवक ने हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनसे जबरन पाकिस्तान मुर्दाबाद और जय श्री राम के नारे भी लगवाए गए।