तेलंगाना की सत्ता हाथ से जाने के बाद ही पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को पार्टी को एक और झटका लगा। दरअसल, बीआरएस का एक और विधायक कांग्रेस में शामिल हो गया। इससे एक दिन पहले यानी की शुक्रवार को बीआरएस के विधान परिषद के छह सदस्य कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
गडवाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बंदला कृष्ण मोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ले ली। मुख्यमंत्री ने विधायक का पार्टी में स्वागत किया। कृष्ण मोहन सीएम रेवंत रेड्डी के गृह जिले महबूबनगर के गडवाल विधानसभा क्षेत्र से चुने गए हैं।
7 महीने में 7 विधायकों ने छोड़ा पार्टी का साथ कृष्ण मोहन पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस के हाथों सत्ता गंवाने वाली बीआरएस के सातवें विधायक हैं, जो सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए हैं। अब 119 सदस्यीय विधानसभा में बीआरएस के 31 विधायक रह गए हैं। कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या अब 72 हो गई है। सात माह में राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी बीआरएस के कई वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ चुके हैं।