scriptकांस्टेबल के घर चोरों की दबिश, नकदी समेत 10 लाख के जेवरात ले भागे | Patrika News
नागौर

कांस्टेबल के घर चोरों की दबिश, नकदी समेत 10 लाख के जेवरात ले भागे

चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके कि वे पुलिस वाले के घर को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे।

नागौरMay 06, 2024 / 09:13 pm

Sandeep Pandey

कोतवाली थाना इलाके में हुई वारदात

रात 2 बजे पीडि़त को घर के पास मिले थे दो संदिग्ध

नागौर. चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके कि वे पुलिस वाले के घर को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। कोतवाली थाना इलाके में शनिवार की रात नकबजन एक कांस्टेबल का घर ही साफ कर गए। करीब 10 लाख के जेवरात के साथ वो नकदी तक ले भागे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात व्यास कॉलोनी निवासी कांस्टेबल भींवराज डांगी के घर हुई। डांगी पिछले कई साल से पुलिस लाइन में सेवा दे रहे हैं। शनिवार की सुबह वो दोहिती को फेरी दिलाने के लिए आसोप अपने परिवार के साथ निकले थे। पीछे से घर बंद था। भींवराज को अगले दिन सुबह सात बजे पुलिस लाइन ड्यूटी पर जाना था लिहाजा वो शनिवार की रात करीब दो बजे घर से कुछ दूरी तक पहुंचा तो उसे दो जने आते दिखे। उसने इन दोनों से पूछा, कहां से आ रहे हो, इस पर दोनों इधर-उधर भाग लिए। उस समय तक भींवराज डांगी को क्या मालूम था कि ये उसके घर ही वारदात को अंजाम देकर आए हैं।
इसके कुछ क्षण बाद अपने घर पहुंचे डांगी वहां की हालत देखकर सन्न रह गए। मुख्य दरवाजे के बाद सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा था, चोरों ने नकदी-जेवरात के लिए पूरे घर का सामान बिखेर दिया। अलमारी का लॉकर भी टूटा था। डांगी ने अपनी पत्नी के साथ सामान संभाला तो उसके होश उड़ गए। चोर पांच तोला सोने की आड़, एक तोला सोने की रखड़ी, एक तोला सोने की अंगूठी, पांच जोड़ी पायल, चांदी की गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, चांदी के नोट के अलावा करीब आधा किलो अलग से चांदी और करीब एक लाख की नकदी ले गए। यही नहीं वारदात के बाद शातिर सरिया वहीं छोड़ गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष देव मय टीम मौके पर पहुंचे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। मामले की जांच एसआई कुलदीप सिंह को सौंपी गई है।
चप्पे-चप्पे के थे जानकार

भींवराज डांगी ने बताया कि रात करीब दो बजे उसे मिले दोनों युवक ही संभवतया वारदात को अंजाम देकर गए हैं। चोरों ने तल्लीनता से मकान में सामान तलाशा। मुख्य दरवाजे समेत अन्य ताले तोड़े गए पर कोई हलचल नहीं होने दी। पुलिस आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Hindi News/ Nagaur / कांस्टेबल के घर चोरों की दबिश, नकदी समेत 10 लाख के जेवरात ले भागे

ट्रेंडिंग वीडियो