scriptमायावती ने बदली रणनीति, हरियाणा में इनेलो और बसपा का गठबंधन, सीट बंटवारे पर बनी सहमति | Haryana assembly elections 2024 INLD and BSP alliance in Haryana Abhay Singh Chautala to be CM face | Patrika News
लखनऊ

मायावती ने बदली रणनीति, हरियाणा में इनेलो और बसपा का गठबंधन, सीट बंटवारे पर बनी सहमति

हरियाणा विधानसभा चुनाव में इनेलो और बसपा मिलकर चुनाव लड़ेंगी। गुरुवार को दोनों दलों के प्रतिनिधियों ने राजधानी चंडीगढ़ में गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।

लखनऊJul 11, 2024 / 03:40 pm

Anand Shukla

Haryana assembly elections 2024 INLD and BSP alliance in Haryana Abhay Singh Chautala to be CM face
इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) ने इस साल के अंत में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने पूर्व सहयोगी दल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से फिर से हाथ मिलाने का फैसला किया है। दोनों दलों के नेताओं ने गुरुवार को गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। दोनों दलों के बीच हुए सीटों के बंटवारे के तहत हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से बसपा 37 पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी की सीटों पर इनेलो चुनाव लड़ेगी।
इनेलो नेता अभय चौटाला गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी होंगे। पिछले हफ्ते मायावती ने गठबंधन की अनुमति दी थी। दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान होने के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया ‘X’ पर पोस्ट करके अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बसपा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) मिलकर हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक साथ लड़ेंगे और वहां की जनविरोधी पार्टियों को हराएंगे।

इनेलो-बसपा मिलकर लड़ेंगी हरियाणा विधानसभा चुनाव: मायावती

बसपा मुखिया मायावती ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा, “बहुजन समाज पार्टी और इण्डियन नेशनल लोकदल मिलकर हरियाणा में होने वाले विधानसभा आम चुनाव में वहां की जनविरोधी पार्टियों को हराकर अपने नए गठबंधन की सरकार बनाने के संकल्प के साथ लड़ेंगे, जिसकी घोषणा मेरे पूरे आशीर्वाद के साथ आज चंडीगढ़ में संयुक्त प्रेस वार्ता में की गई।”
उन्होंने आगे लिखा कि इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला तथा बीएसपी के आनन्द कुमार, नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनन्द और पार्टी के राज्य प्रभारी रणधीर बेनीवाल की आज हुई प्रेसवार्ता से पहले दोनों पार्टियों के बीच नई दिल्ली में मेरे निवास पर गठबंधन को लेकर सफल वार्ता हुई।
यह भी पढ़ें

सीएम योगी ने पीलीभीत और लखीमपुर खीरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

सीट बंटवारे पर बनी सहमति

मायावती ने कहा कि हरियाणा में सर्व समाज- हितैषी जन कल्याणकारी सरकार बनाने के संकल्प के कारण इस गठबंधन में एक-दूसरे को पूरा आदर-सम्मान देकर सीटों आदि के बंटवारे में पूरी एकता और सहमति बन गई है। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह आपसी एकजुटता जन आशीर्वाद से विरोधियों को हरा कर नई सरकार बनाएगी।
हरियाणा में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों दलों के प्रतिनिधियों ने राजधानी चंडीगढ़ में गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।

Hindi News / Lucknow / मायावती ने बदली रणनीति, हरियाणा में इनेलो और बसपा का गठबंधन, सीट बंटवारे पर बनी सहमति

ट्रेंडिंग वीडियो