दक्षिण एक्सप्रेस में भी लुटेरों का कहर
मथुरा और आगरा स्टेशन के मध्य बदमाशों ने दो यात्रियों को लूट लिया। इसके बाद वे चेन पुलिंग कर भागने लगे। पुलिस ने सभी को घेर लिया तो वे सामान छोड़कर भाग निकले।
आगरा। बुधवार देर रात दिल्ली से आ रही दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन में भी लुटेरों का कहर बरपा। मथुरा और आगरा स्टेशन के मध्य बदमाशों ने दो यात्रियों को लूट लिया। इसके बाद वे चेन पुलिंग कर भागने लगे।
इसी दौरान ट्रेन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बदमाशों को घेर लिया जिसके बाद वे लूट के सामान को छोड़कर भाग गए। हालांकि पुलिस इसे चोरी का मामला बता रही है। इस मामले में झांसी स्टेशन पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि ट्रेन के बी-2 कोच में ग्वालियर के विनीत शर्मा तथा झांसी के अंकुर अग्रवाल सफर कर रहे थे। मथुरा स्टेशन से जैसे ही ट्रेन रात एक बजे आगे बढ़ी कि फरह और कीठम स्टेशन के मध्य तीन बदमाशों ने दोनों यात्रियों से सामान और नकदी छीन लिया। इसके बाद वे लोग चेन पुलिंग कर फरार हो गए।
उधर, रेलवे एसपी गोपेशनाथ खन्ना का कहना है कि बदमाशों को पुलिसकर्मियों ने घेर लिया था जिसके कारण वे सामान छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। उन्होंने कहा कि बदमाश यात्रियों के बैग और अटैची लेकर भाग रहे थे, जिसे बरामद कर लिया गया है। इस मामले में अभियुक्तों को जल्दी ही गिरतार कर लिया जाएगा।
Hindi News / Lucknow / दक्षिण एक्सप्रेस में भी लुटेरों का कहर