scriptलीक से हटकर कार्य करने वाले व्यक्ति ही विशिष्ट, पंडित रामकिंकर की जन्म शताब्दी पर सीएम योगी ने दी भावांजलि | CM Yogi paid tribute to Pandit Ramkinkar | Patrika News
लखनऊ

लीक से हटकर कार्य करने वाले व्यक्ति ही विशिष्ट, पंडित रामकिंकर की जन्म शताब्दी पर सीएम योगी ने दी भावांजलि

CM Yogi: भारत के प्रतिष्ठित मानस मर्मज्ञ और पद्मभूषण सम्मानित पं. रामकिंकर उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘भावांजलि’ कार्यक्रम में भाग लिया।

लखनऊOct 23, 2024 / 08:01 pm

Nishant Kumar

CM Yogi

CM Yogi के समक्ष कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार

CM Yogi ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘भावांजलि’ कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम भारत के प्रतिष्ठित मानस मर्मज्ञ और पद्मभूषण सम्मानित पं. रामकिंकर उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पं. रामकिंकर उपाध्याय की महिमा का बखान करते हुए उनके योगदान और सनातन धर्म के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धांजलि अर्पित की।

महापुरुषों के योगदान को याद रखना हमारा दायित्व

CM Yogi
कार्यक्रम को संबोधित करते CM Yogi

CM Yogi ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि हम एक ऐसे महापुरुष के शताब्दी समारोह के आयोजन से जुड़े हैं, जिनका जीवन सनातन धर्म और प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर आधारित था। युग तुलसी पं. रामकिंकर जी का संपूर्ण जीवन श्रीराम और तुलसी साहित्य के प्रति समर्पित था।

पं. रामकिंकर जी की व्याख्याएं और चिंतन अनूठी थी

CM Yogi ने आगे कहा कि उनकी व्याख्याएं और चिंतन अनूठी थी, जो सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। सीएम योगी ने यजुर्वेद का उल्लेख करते हुए महापुरुषों के लक्षणों की बात की और कहा कि शास्त्रों में दो प्रकार के पुरुषों की चर्चा होती है, प्राकृत पुरुष और विशिष्ट पुरुष। रामकिंकर जी का संपूर्ण जीवन विशिष्टता का प्रतीक रहा है। उनका कार्य और उसके परिणाम बताते हैं कि उन्होंने लीक से हटकर समाज को प्रेरणा दी है।
यह भी पढ़ें

पीजीआई लखनऊ को मिला दिवाली तोहफा,अब मरीजों को मिलेगी ये सुविधा, सीएम योगी ने किया लोकार्पण

श्रीराम कथा की विशिष्ट शैली का किया सूत्रपात

पं. रामकिंकर उपाध्याय की श्रीराम कथा की विशिष्ट शैली का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने रामकथा को एक नई दिशा दी। उनकी कथाएं न केवल आम जनमानस, बल्कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे गणमान्य लोगों को भी प्रभावित करती थीं। लगभग छह दशकों तक उन्होंने मानस के माध्यम से सनातन धर्म की सेवा की। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह हमारा दायित्व है कि हम ऐसे महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव रखें और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। 

सुखद संयोग कि जन्मशताब्दी वर्ष में साकार हुआ 500 वर्षों का सपना

CM Yogi
CM Yogi ने कहा कि पं. रामकिंकर उपाध्याय का जन्म शताब्दी वर्ष एक विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह वही वर्ष है जब 500 वर्षों के बाद श्रीरामलला अयोध्या में विराजमान हो चुके हैं। यह सच्ची श्रद्धा और भक्तिभाव का अद्वितीय उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने इस महान संयोग को रामकिंकर जी की श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताया।

रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामकिंकर जी ने किया जनजागरण

CM Yogi ने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान पं. रामकिंकर उपाध्याय की कथाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रामकिंकर जी की कथाओं ने ठीक उसी प्रकार जनजागरण का कार्य किया, जैसे तुलसीदास जी ने विदेशी आक्रांताओं के समय किया था। तुलसीदास जी ने तब के बादशाह का दरबारी बनने से इनकार करते हुए प्रभु श्रीराम को भारत का एकमात्र राजा बताया था। उन्होंने गांव-गांव में रामलीलाओं का आयोजन शुरू करवाया था और वह परंपरा आज भी बिना सरकारी सहायता के चल रही है, जिससे सनातन धर्म के मूल्य और अधिक सुदृढ़ हो रहे हैं।

महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजने की आवश्यकता

CM Yogi
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजना और उन्हें आम जनमानस तक पहुंचाना आवश्यक है। यह वर्ष पं. रामकिंकर उपाध्याय की जन्मशताब्दी का वर्ष है। हमें उनकी स्मृतियों को एक स्मृति ग्रंथ के रूप में संजोकर लोगों तक पहुंचाना चाहिए, ताकि उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बन सके।

प्रखर हिन्दुनिष्ठ बिशन चंद्र सेठ को CM Yogi ने किया याद

मुख्यमंत्री ने भावांजलि कार्यक्रम के आयोजक किशोर टंडन के बारे में बताते हुए कहा कि इनके नाना बिशन चंद्र सेठ जी गोरक्षपीठ के परम भक्त थे। सीएम योगी ने कहा कि बिशन चंद्र सेठ जी प्रखर हिन्दुनिष्ठ और अपने समय के अद्भुत व्याख्याकार थे, जो अपने तथ्यों के आगे कभी किसी के सामने नहीं झुके। इनका परिवार आज भी उसी निष्ठा के साथ धर्म पारायण होकर कार्य कर रहा है।

समर्पण और भक्ति का प्रतीक थे रामकिंकर जी 

CM Yogi
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पं. रामकिंकर उपाध्याय को भावांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन रामचरित मानस और तुलसी साहित्य के प्रति समर्पित था। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे अपने परम भक्त की अमरता और यशस्वी परंपरा को आगे बढ़ाएं, जो सनातन धर्म के अनुयायियों का मार्गदर्शन करती रहे।
यह भी पढ़ें

कृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद: एक साथ सुने जाएंगे 15 मामले, 6 नवंबर को अगली सुनवाई

भावांजलि कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, श्रीरामायण ट्रस्ट की अध्यक्ष साध्वी मंदाकिनी, प्रख्यात कथा व्यास पं. उमाशंकर शर्मा और किशोर टंडन समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Hindi News / Lucknow / लीक से हटकर कार्य करने वाले व्यक्ति ही विशिष्ट, पंडित रामकिंकर की जन्म शताब्दी पर सीएम योगी ने दी भावांजलि

ट्रेंडिंग वीडियो