script100+ वोटर्स : देश के पहले चुनाव से करते आ रहे मतदान, अभी भी निभाएंगे जिम्मेदारी | Have been voting since the country's first election | Patrika News
कवर्धा

100+ वोटर्स : देश के पहले चुनाव से करते आ रहे मतदान, अभी भी निभाएंगे जिम्मेदारी

Chhattisgarh Election 2023 : कवर्धा जिले में ऐसे 72 बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है।

कवर्धाOct 21, 2023 / 02:39 pm

चंदू निर्मलकर

voting.jpg
यशवंत झारिया@कवर्धा. Chhattisgarh Election 2023 : जिले में ऐसे मतदाता भी हैं जो आजादी के बाद से मतदान करते आ रहे हैं। इस बार भी वे अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे और विधानसभा चुनाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कवर्धा जिले में ऐसे 72 बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है।
Chhattisgarh Election 2023 : कवर्धा विधानसभा अंतर्गत ग्राम दौजरी निवासी उधोराम चंद्रवंशी 102 वर्ष के हैं। वर्ष 1951-52 में जब पहली बार कवर्धा विधानसभा में चुनाव हुआ तब से वे मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस बार भी अपना वोट देकर अपना विधायक चुनेंगे। उन्होंने बताया कि जिस समय वे करीब 30 वर्ष के थे तब पहली बार मतदान किए थे। आज 72 साल से वह अपनी जिम्मेदारी निभाते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले काफी दूर-दूर गांवों में मतदान केंद्र होते थे। बैलगाड़ी में सवार होकर एकसाथ कई लोग मतदान के लिए जाते थे। गिनती के लोग ही मतदान करते थे क्योंकि उस समय मतदान को लेकर आज की तरह जागरुकता नहीं थी। महिलाएं तो वोट करने जाते ही नहीं थीं। केवल गिनती की बुजुर्ग महिलाएं ही मतदान करती थी। घर की बहू को मतदान के लिए भेजते नहीं थे। लेकिन धीरे-धीरे परिवेश बदला। लोग शिक्षित होते गए तो मतदान के प्रति जागरुकता भी आयी। उधोराम चंद्रवंशी के तीन पुत्र और तीन पुत्री हैं और उनके भी पुत्र और पुत्री हैं जो मतदान करने साथ में जाते हैं।
110 वर्ष की महिला वोटर

Chhattisgarh Election 2023 : पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कुई में रनिया बाई राजपूत जो 110 साल की हैं। वे बीते 74 वर्षों से मतदान कर रहीं हैं। उम्रदराज होने के कारण कम बोलती हैं लेकिन अब भी उनकी दृढ़ इच्छा है कि इस बार भी वोट डालने जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्ष तो याद नहीं, लेकिन जब से शादी होकर ससुराल आयी हैं, तब से वह मतदान कर रही हैं। उस समय कुई बिलासपुर जिला अंतर्गत और विधानसभा भी अलग था। उनके तीन बेटे और पांच बेटियों का भरा पूरा परिवार है।
कबीरधाम जिले में 52 महिला 100 पार

कबीरधाम जिले में कुल 72 मतदाता ऐसे हैं जो 100 साल की उम्र पार कर चुके हैं। खास बात यह है कि इसमें 50 महिलाएं हैं। जबकि 100 पार पुरुष मतदाता 22 ही हैं। पंडरिया विधानसभा में 100 वर्ष की उम्र पार कर चुके 38 मतदाता हैं जिसमें 15 पुरुष और 23 महिलाएं हैं। वहीं कवर्धा विधानसभा अंतर्गत कुल 34 मतदाता 100 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं इसमें 27 महिलाएं और सात पुरुष मतदाता हैं।

Hindi News/ Kawardha / 100+ वोटर्स : देश के पहले चुनाव से करते आ रहे मतदान, अभी भी निभाएंगे जिम्मेदारी

ट्रेंडिंग वीडियो