scriptचोटी कटवा ने यहां दी दस्तक, लड़की के बाल कटने के बाद मचा हड़कम्प | choti cut choti katwa in kanpur news in hindi | Patrika News
कानपुर

चोटी कटवा ने यहां दी दस्तक, लड़की के बाल कटने के बाद मचा हड़कम्प

बुंदेलखंड के कई जिलों के बाद कानपुर देहात से होता हुआ कानपुर नगर में

कानपुरAug 05, 2017 / 02:21 pm

आकांक्षा सिंह

choti

कानपुर। शासन-प्रशासन की सख्ती के बावजूद चोटी कटने का सिलसिला थमने के बजाय बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड के कई जिलों के बाद कानपुर देहात से होता हुआ कानपुर नगर में आ धमका। यहां के बाबूपुरवा इलाके में एक लड़की के सोते समय किसी ने बाल काट दिए। जब वह सुबह सोकर उठी तो उसके होश उड़ गये। कुछ ही देर में चोटी कटने की बात पूरे इलाके में आग की तरह फ़ैल गयी। पीड़िता के घर पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान कई तरह-तरह का बातें लोगों की जुंबा पर आ रही थीं। कोई एसे चुड़ैल का कारनामा कह रहा था कोई शैतानी ताकत की बात बोल रहा था। अफवाह कि आग पूरे शहर में फैल गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस लड़की और उसके परिजनों से पूछताछ करने के लिये अपने साथ थाने ले गयी।


सोते समय घटना को दिया अंजाम


बबूपुरवा थानाक्षेत्र निवासी अबरार अहमद की बेटी रेशमा (16) अपनी मां के साथ सो रही थी। सुबह जब उसकी आंख खुली तो सिर पर बाल नहीं थे। वो रोने और चिल्लाने लगी। उसने चोटी कटने की बात अपने परिजनों को बताई तो सबके होश उड़ गये। चोटी कटने की जानकारी पूरे इलाके में आग की तरह फ़ैल गयी। देखते ही देखते हजारो लोगों का हजूम घर के बाहर जमा हो गया। चोटी कटने की घटना को बताते हुये रेशमा ने कहा की वह अपने कमरे में सो रही थी सुबह जब नींद खुली चोटी कटी हुयी थी। वहीं रेशमा के पति ने बताया कि ये कोई भूत-प्रेत या चुड़ैल का कारनामा नहीं, बल्कि किसी अराजक तत्व की करतूत है। वे लोग इसी के जरिए दहशत फैलाना चाहते हैं।


अराजक तत्वों की करतूत, अफवाहों से डरे नहीं


चोटी कटने की घटना जब पुलिस को हुयी तो वह पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों और पीड़ित से बातचीत की। एसपी साउथ अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि अबरार अहमद की लड़की की चोटी कटने की घटना हुयी है। इस सम्बन्ध में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसपी का कहना है किसी शरारती तत्व ने ऐसा किया होगा क्योकि इस तरह की अफवाह चल रही है इसलिए लोगों को गुमराह और माहौल खराब करने के लिये इस तरह की घटनायें की है। एसपी ने कहा कि लोग अफवाहों में ध्यान न दें। साथ ही जिसने भी लड़की के सिर के बाल काटे हैं वो जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।


इन जिलों के बाद दहशत पहुंची कानपुर


चोटी काटने की घटनाओं ने शुक्रवार को बुंदेलखण्ड और आसपास के जिलों में खूब सनसनी फैलाई। ललितपुर में तीन जगह चोटी कटने से ग्रामीण दहशत में रहे। कानपुर देहात में भी तीन लड़कियों की चोटी कटी मिली। औरैया में दो जगह चोटी काटने की चर्चा रही। हरदोई में चोटी कटने से एक महिला बेहोश हो गई। हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के बांक गांव में गुरुवार रात रंजीत कुशवाहा की पत्नी बसंती कुशवाहा (48) की सोते समय चोटी कट गई। महोबा के अजनर क्षेत्र के सगुनिया गांव निवासी छंगा अहिरवार की 45 वर्षीय पत्नी कसिया शुक्रवार सुबह सोकर उठी तो उसके हाथ में चोटी आ गई। हरदोई में सांडी क्षेत्र के नोनखारा गांव में महिला विमला की चोटी कट गई।


साइकलॉजिस्ट बोले मास हिस्टीरिया


चोटी कटने की घटना जिसे लोग ऊपरी चक्कर मानते हैं डॉक्टर इसे मास हिस्टीरिया कहते हैं। साइकलॉजिस्ट डॉक्टर अजय रस्तोगी के मुताबिक मन में असुरक्षा की भावना डर और अंधविश्वास को जन्म देती है। जिनका साइकलॉजिकल प्रोफाइल होता है वही ऐसा ज्यादा करते हैं। हाल ही में कानपुर देहात की एक लड़की के बाल कट गए जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर गई। इस केस की गहनता से छानबीन पर ये बात सामने आ जाएगी कि लड़की के मन में कहीं न कहीं असुरक्षा की भावना रही होगी। जो लोग ऐसा सोचते हैं कि मेरे साथ हमेशा गलत ही होता है ऐसे लोगों के पेट में दर्द बना रहता है लेकिन जांच में कुछ भी नहीं निकलता। जादू-टोना टुटका जहां ज्यादा होता है वहीं ऐसे केसेस ज्यादा आते हैं।

Hindi News/ Kanpur / चोटी कटवा ने यहां दी दस्तक, लड़की के बाल कटने के बाद मचा हड़कम्प

ट्रेंडिंग वीडियो