Kanker News: छत्तीसगढ़ के पखांजूर जिले में कृषि विभाग द्वारा 2 जुलाई 2024 को पखांजूर में एक ट्रक से बरामद खाद का परीक्षण करने पर पाया गया कि खाद नकली थी। इसके बाद थाना पखांजूर में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस मामले में पहले दो आरोपी अनिमेश घरामी और ट्रांसपोर्टर उस्मान खान को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में पखांजूर थाना की टीम मामले की विवेचना हेतु राजस्थान भेजी गई।
Kanker News: कैमिकल फूड फैक्ट्री के मालिक हैं तीनों ठग
Kanker News: विवेचना में पता चला कि यह नकली खाद नावा सिटी, राजस्थान से छत्तीसगढ़ लाया गया था। गिरोह के सदस्य विनोद कुमार जैन और उनके साथी ने नमक को रंगकर उसे खाद के रूप में बेचना शुरू किया था। इस गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ, जब पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनकी गतिविधियों को ट्रेस किया।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार जैन, विनय कुमार जैन और उपकार जैन शामिल हैं। ये सभी नावा सिटी में स्थित एक केमिकल फूड फैक्ट्री के मालिक हैं। वे अपने फायदे के लिए नकली पोटाश खाद का निर्माण करते थे। इसके अलावा शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना जैसे लोग इस नकली खाद की मार्केटिंग का काम करते थे। गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में लोगो को यह खाद बेचते थे, जिसका बिल उनकी पार्टनरशिप फर्म के माध्यम से जारी किया जाता था। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी संलिप्त आरोपियों को जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ की पुलिस देख भागे, 2 किमी दौड़ाया
गिरोह में शामिल अन्य दो आरोपी शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक रामचंद्र साहू के नेतृत्व में एक टीम राजस्थान भेजी गई। पुलिस ने उनके गांव सुरगढ़, गंगापुर सिटी में दबिश दी। आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन 2 किमी तक पीछा करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस अभियान में पुलिस को राजस्थान पुलिस का भी सहयोग प्राप्त हुआ। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Hindi News / Kanker / Kanker News: पोटाश के नाम पर रंग लगा नमक थमा गए राजस्थान से आए ठग, आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज