scriptपोकरण में 30 फीट का होगा रावण, 25-25 के कुंभकर्ण व मेघनाद | In Pokaran town, Raavan will be 30 feet tall, Kumbhkaran and Meghnad will be 25 feet tall each | Patrika News
जैसलमेर

पोकरण में 30 फीट का होगा रावण, 25-25 के कुंभकर्ण व मेघनाद

पोकरण कस्बे में आगामी 12 अक्टूबर को विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

जैसलमेरOct 06, 2024 / 08:26 pm

Deepak Vyas

pokaran

sdr

पोकरण कस्बे में आगामी 12 अक्टूबर को विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान कस्बे में दशहरा मेला भी आयोजित होगा। कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान यहां आतिशबाजी भी की जाएगी। अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक विजयदशमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों के निर्माण और आतिशबाजी को लेकर नगरपालिका की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई। इसके लिए सिद्धहस्त कारीगरों को कार्यादेश भी दे दिया गया है। पुतलों के निर्माण पर करीब पांच लाख और आतिशबाजी पर करीब एक लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

पुतले बनाने का काम होगा शुरू

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी जोधाराम विश्नोई ने बताया कि दशहरा मेला 12 अक्टूबर को शाम 6 बजे शुरू होगा। कारीगरों की ओर से एक-दो दिन में पुतले बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बार 30 फीट का रावण और 25-25 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पुतलों के दहन से एक घंटे पूर्व तक मैदान में भव्य आकर्षक आतिशबाजी कर लोगों का मनोरंजन किया जाएगा।

गत वर्ष नहीं हुआ था मेले का आयोजन

गौरतलब है कि नगरपालिका की ओर से प्रतिवर्ष दशहरे मेले का आयोजन कर रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन व आतिशबाजी का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। गत वर्ष दशहरे मेले का आयोजन नहीं हुआ था। नगरपालिका की ओर से निविदा प्रक्रिया को देरी से शुरू किया गया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लग जाने के कारण कार्यादेश नहीं दे पाए थे। ऐसे में इस वर्ष हो रहे दशहरे मेले को लेकर लोगों में उत्साह नजर आ रहा है।

Hindi News / Jaisalmer / पोकरण में 30 फीट का होगा रावण, 25-25 के कुंभकर्ण व मेघनाद

ट्रेंडिंग वीडियो