प्रदेश के शेखावाटी और हाडौती अंचल में रात के तापमान में अब तेजी से गिरावट होने लगी है। शेखावाटी के सीकर और फतेहपुर में रात में पारा 20 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हो रहा है। हालांकि प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में अभी गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी दिन और रात में पारे में गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते फिलहाल रात में गुलाबी सर्दी की आहट लोगों को महसूस हो सकेगी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम के मिजाज में बड़ेे बदलाव के फिलहाल कोई आसार नहीं है। आगामी दिनों में दिन और रात के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना है वहीं अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने वाला है। आसमान साफ रहने व तेज गति से पुरवाई हवाएं चलने पर रात के तापमान में और अधिक तेजी से गिरावट होने पर गुलाबी सर्दी का जोर बढऩे का पूर्वानुमान है।