मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई मजबूत सिस्टम एक्टिव नहीं है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उत्तर भारत के बीच में बन रहा है। 16-17 जनवरी से मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में कमी आएगी। 17 जनवरी को बादल रहने से बूंदाबांदी और 18 जनवरी को सुबह के समय घना कोहरा पड़ सकता है। 19 जनवरी को सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा।
दिन में लगी ठंड
सोमवार को बादल छाने व ठंडी हवा के चलते दिन के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन में भी कंपकंपी महसूस की गई। उत्तर से आ रही हवा से रात के तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 23.7 डिग्री दर्ज हुआ। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 11.6 डिग्री दर्ज हुआ। मंगलवार को पारा और नीचे आ सकता है।