scriptअब रेल कर्मचारी सीधे पोर्टल पर कर सकेंगे शिकायत.. | Now the railway staff will be able to directly report to the portal. | Patrika News
इटारसी

अब रेल कर्मचारी सीधे पोर्टल पर कर सकेंगे शिकायत..

-रेलवे ने चालू किया निवारण शिकायत पोर्टल-जबलपुर जोन के हजारों कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा

इटारसीAug 30, 2018 / 09:29 am

Rahul Saran

itarsi, jabalpur jone, railway staff, shikayat nivaran portal, railway board

itarsi, jabalpur jone, railway staff, shikayat nivaran portal, railway board

इटारसी। रेलवे में आला अधिकारियों के दबाव या अभद्रता से परेशान या समस्याओं का निराकरण नहीं होने से हताश होकर आत्महत्या करने के मामलों को देखते हुए रेलवे ने कर्मचारियों की समस्या को अब सीधे बोर्ड स्तर पर सुनने का सिस्टम चालू किया है। रेलवे बोर्ड ने निचले स्तर पर काम करने वाले रेलकर्मियों की शिकायतों का सीधे निराकरण करने के लिए तकनीक को माध्यम बनाया है। रेलवे ने निवारण शिकायत पोर्टल नाम से पोर्टल जारी किया है जिसमें कर्मचारियों को सीधे अपनी शिकायत करने का अधिकार होगा। पश्चिम मध्य रेल जबलपुर जोन में काम करने वाले हजारों कर्मचारी भी अब अपनी किसी भी तरह की समस्या को सीधे ही रेल विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
कचरे की टोकरी में डलती हैं शिकायतें
रेलवे में अब तक पारंपरिक व्यवस्था चलती आई है। रेलकर्मी को यदि किसी तरह की कोई समस्या है और वह अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहता है तो उसे सबसे पहले उसके वरिष्ठ अधिकारी को शिकायत करना होगी। वरिष्ठ अधिकारी कई बार उन कर्मचारियों की शिकायतों को तवज्जो नहीं देते हैं और कचरे की टोकरी में डाल देते हैं।
ऐसे दर्ज होगी शिकायत
जबलपुर जोन में कार्यरत रेलकर्मी को यदि कोई समस्या है या उसे उसका कोई वरिष्ठ अफसर परेशान कर रहा है तो कर्मचारी इस निवारण शिकायत पोर्टल का उपयोग कर सकता है। रेलकर्मी को सबसे पहले निवारण शिकायत पोर्टल खोलना होगा। इस पोर्टल पर उसे एक विंडो मिलेगी जिसमें अपलोड योअर कम्प्लेन ऑप्शन मिलेगा। कर्मचारी इस ऑप्शन पर क्लिक करके अपनी समस्या अपने नाम सहित भेज सकता है। सबसे खासबात यह है कि कर्मचारी का नाम इसमें गोपनीय रहेगा। यह समस्या/शिकायत रेलवे बोर्ड में सीधे दिखेगी जिसके बाद संबंधित विभाग को उस समस्या निराकरण के आदेश जारी किए जाएंगे।
एक नजर में जबलपुर जोन
जोन का नाम- पमरे रेलवे जबलपुर
क्षेत्र विस्तार- पश्चिम मध्य रेल
स्थापना वर्ष- 1 अप्रैल 2003
मंडलों की संख्या- ०३
कर्मचारियों की संख्या- ५८ हजार
जोन की कुल लंबाई- 2911 किमी
किसने क्या कहा
रेलवे ने निवारण शिकायत पोर्टल की सुविधा दी है इसका लाभ यह होगा कि रेलकर्मी अब समस्याओं को लेकर अंदर ही अंदर नहीं घुटेंगे। वे पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसका निराकरण कर सकेंगे।
अरुण मालवीय, पूर्व मंडल अध्यक्ष डब्ल्यूसीआरईयू
रेलकर्मियों को यदि किसी तरह की कोई परेशानी है तो वे परेशान होकर आत्महत्या जैसी गलती नहीं करें बल्कि रेलवे बोर्ड ने जो निवारण शिकायत पोर्टल चालू किया है उस पर अपनी शिकायत करें ताकि उनका निराकरण जल्द से जल्द हो सके।
सुरेश धूरिया, सहप्रवक्ता डब्ल्यूसीआरईयू
रेल कर्मचारियों की सुविधा के लिए रेलवे ने यह पोर्टल चालू किया है। इससे कर्मचारी सीधे ही अपनी समस्या बोर्ड स्तर तक पहुंचा सकेंगे जिसका जल्द से जल्द निराकरण हो सकेगा।
प्रियंका दीक्षित, सीपीआरओ जबलपुर

Hindi News/ Itarsi / अब रेल कर्मचारी सीधे पोर्टल पर कर सकेंगे शिकायत..

ट्रेंडिंग वीडियो