scriptबिजासन मंदिर में अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान मूर्ति हुई खंडित | Bijasan mata mandir indore murti break | Patrika News
इंदौर

बिजासन मंदिर में अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान मूर्ति हुई खंडित

पुजारियों के मकान तोडऩे गई थी टीम, मंदिर पर गिरी दीवार से नुकसान, लोगों में आक्रोश

इंदौरMar 14, 2018 / 08:40 pm

amit mandloi

bijasan mandir indore
लालबाग में बने झोपड़े हटाने गई निगम टीम ने विवाद के बाद पीछे हटाए कदम

बिजासन में भी अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान फूटा गुस्सा

पुलिसबल नहीं मिल पाने के कारण कार्रवाई नहीं कर पाया निगम
इंदौर. लालबाग पैलेस में बने झोपड़ों को हटाने गई नगर निगम की टीम को विवाद के बीच अपने कदम पीछे हटाने पड़े। यहां पर लालबाग पैलेस में ही निगम की टीम कार्रवाई नहीं कर पाई। वहीं बिजासन मंदिर में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद हुए। जिसके बाद निगम की टीम को कार्रवाई रोकना पड़ा।
लालबाग पैलेस के मेनगेट से लगाकर खान नदी की ओर 7 से ज्यादा झोपड़ें बने हुए हैं। इन्हें हटाने के लिए आयुक्त पुरातत्व अनुपम राजन कई बार इंदौर के अफसरों को आदेश दे चुके हैं। विभाग के इंदौरी अफसरों ने भी प्रशासन के साथ हुई समन्वय बैठक में इन्हें हटाने के लिए कहा था। जिसके बाद बुधवार को निगम का अमला यहां पहुंचा जरूर था। लेकिन यहां पर रहने वालों ने उसका विरोध शुरू कर दिया। यहां कई महिलाएं निगम के अमले के सामने अड़ गई थी। इस दौरान कुछ राजनेताओं ने भी इन्हें बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। विरोध को देख अफसरों ने अपने कदम पीछे कर लिए और इन झोपड़ों को तोड़े बगैर ही निगम की टीम रवाना हो गई। निगम के अफसरों ने इस दौरान झोपड़ों में रहने वालों को जल्द ही कार्रवाई की चेतावनी जरूर दी। इसके बाद निगम के अमले ने रोड के दूसरी ओर अर्जुनपुरा की मल्टी से लगाकर बने झोपड़ों को खाली करवा कर उन्हें तोडऩे का काम शुरू किया। इनमें रहने वालों को निगम के अधिकारियों ने भूरी टेकरी पर बनी गरीबों की मल्टी में फ्लैट अलॉट किए गए हैं, उन्हें सामान सहित वहां भेज दिया गया।
पुलिस के लिए भी टेंशन है लालबाग के झोपड़े
लालबाग पैलेस के अंदर बने ये झोपड़े छत्रीपुरा पुलिस के लिए भी सरदर्द बने रहते हैं। पैलेस परिसर के अंदर की ओर बने ये झोपड़े एक ओर हैं, जिसके कारण यहां पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहने वाले लोग आकर ठहरते रहते हैं। लूट, वाहन चोरी के आरोपी यहां पर से पकड़े जा चुके हैं।
बिजासन में भी हुआ विवाद
बिजासन में पुजारियों के मकान तोड़े जाने के बाद बचे हुए अतिक्रमण को हटाने का काम बुधवार को किया जा रहा था। इसी दौरान एक दीवार तोड़े जाने के दौरान उसका उपरी हिस्सा नीचे गिर गया। ये हिस्सा भगवान की मूर्ति पर ही गिरने से मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद यहां पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर निगम की कार्रवाई का विरोध करने लगे। बमुश्किल इस विरोध को शांत किया गया। वहीं दूसरी ओर विवाद को देखते हुए निगम ने यहां कार्रवाई फिलहाल रोक दी है।
पुलिसबल नहीं मिल पाया
दोनों ही कार्रवाई में विवाद को देखते हुए निगम ने पुलिस बल की मांग की थी। लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं हो पाया था। जिसके कारण दोनों ही जगह पर कार्रवाई के दौरान निगम के अमले को विवाद के बीच अपने कदम पीछे हटाने पड़े।
0 लालबाग पैलेस में फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई है। अर्जुनपुरा मल्टी के सामने बने झोपड़ों को हटा दिया गया है। बिजासन में भी विवाद की स्थिति बनी जरूर थी, लेकिन हमने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। दोनों ही जगह पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
– देवेंद्रसिंह, अपर आयुक्त, नगर निगम

Hindi News / Indore / बिजासन मंदिर में अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान मूर्ति हुई खंडित

ट्रेंडिंग वीडियो