scriptउत्साह व उमंग के साथ मनाते हैं होली-दिवाली, ढूंढोत्सव का आयोजन भी | Patrika News
हुबली

उत्साह व उमंग के साथ मनाते हैं होली-दिवाली, ढूंढोत्सव का आयोजन भी

राजस्थान की संस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं बाबा रामदेव सेवा समिति रायचूर

हुबलीOct 01, 2024 / 06:10 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

बाबा रामदेव सेवा समिति रायचूर के पदाधिकारी व सदस्य।

बाबा रामदेव सेवा समिति रायचूर के पदाधिकारी व सदस्य।

राजस्थान की संस्कृति को आगे बढ़ाने में श्री बाबा रामदेव सेवा समिति रायचूर (कर्नाटक) के प्रयास सराहनीय है। विभिन्न पर्व-त्योहारों के माध्यम से राजस्थान के रीति-रिवाज जीवंत बनाए हुए हैं। विभिन्न तीज-त्याहोर के अवसर पर यहां राजस्थानी संस्कृति देखने को मिल रही है। समिति के करीब 170 सदस्य है। अधिकांश सदस्य राजस्थान के जोधपुर, पाली, बालोतरा, जालोर एवं मारवाड़ क्षेत्र के अधिक है। वैष्णव, ब्राह्मण, पटेल, पुरोहित, दर्जी, राजपूत, प्रजापत, देवासी, सुथार समेत विभिन्न जातियों के प्रवासी समिति से जुड़े हुए हैं।
छह दशक से बना हुआ है आने का क्रम
विष्णु समाज से जुड़े लोग करीब छह दशक से रायचूर में आने शुरू हुए हैं। पिछले छह दशक से राजस्थान से लगातार रायचूर आने का क्रम बना हुआ है। समिति की ओर से विभिन्न सामाजिक आयोजन भी किए जाते हैं। हर साल बाबा रामदेव का जागरण आयोजित किया जाता है। जिसमें राजस्थान के कलाकार भजनों की प्रस्तुति देते हैं। करीब 15 साल पहले यहां बाबा रामदेव के मंदिर की प्रतिष्ठा हुई। यहां गंज इलाके में करीब 3500 स्क्वायर फीट इलाके की चारदीवारी के बाद गेट लगाया गया है और यहां भवन बनाने पर विचार किया जा रहा है।
तीज-त्योहार पर विशेष आयोजन
दीपावली स्नेह मिलन समारोह भी आयोजित किया जाता है। होली का पर्व यहां उत्साह के साथ मनाया जाता है। हालांकि रंग की बजाय गुलाल का इस्तेमाल अधिक होता है। यहां होली के अवसर पर ढूंढ का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। घर-घर जाकर ढूंढ की जाती है। करीब 15 साल से ढूंढोत्सव का आयोजन हो रहा है। जन्माष्टमी का पर्व भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। महिला मंडल की ओर से भी तीज एवं अन्य अवसरों पर विभिन्न आयोजन होते हैं।
रेल विस्तार की मांग
प्रवासियों ने राजस्थान के लिए सीधी रेल चलाने को लेकर जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपे हैं। पिछले दिनों रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को ज्ञापन दिया गया। चेन्नई से अहमदाबाद चलने वाली रेल को जालोर तक विस्तार देने की मांग की गई। इसके साथ ही अहमदाबाद तक चलने वाली अन्य गाडिय़ों को भी राजस्थान तक विस्तार देने की मांग की गई। प्रवासियों ने रायचूर में एयरपोर्ट के काम में गति लाने की भी मांग की है। वर्तमान में हैदराबाद जाकर विमान पकडऩा पड़ता है।
समिति की कार्यकारिणी
श्री बाबा रामदेव सेवा समिति रायचूर के अध्यक्ष लालूराम पटेल मजल है। इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों में सुनील राजपुरोहित सरत उपाध्यक्ष, ओगडऱाम कुमावत सांगावास मंत्री, पर्बतसिंह राजपूत धान्ता कोषाध्यक्ष, जब्बरसिंह राजपुरोहित रेवतड़ा सचिव, बाबूसिंह राजपूत विशनगढ़ सह सचिव के पद पर कार्यरत है। इसके अलावा चैनसिंह राजपूत पादरू एवं हनुमानसिंह राजपुरोहित रेवतड़ा सलाहकार है। वहीं लूम्बाराम पटेल रायथल, धूड़सिंह राजपूत पादरू, भरतकुमार प्रजापत नरपड़ा, रघुनाथराम पटेल खंरटिया, चंदनसिंह राजपूत हर्षवाड़ा, मानाराम पटेल भलरों का बाड़ा, गोपाल सुथार वरिया, आम्बाराम देवासी दासपा, नरपतसिंह राजपुरोहित ओटवाला एवं अर्जुन भारती रेवत कार्यकारिणी सदस्य है।

Hindi News / Hubli / उत्साह व उमंग के साथ मनाते हैं होली-दिवाली, ढूंढोत्सव का आयोजन भी

ट्रेंडिंग वीडियो