बेटी और बेटे को छोड़ काम पर गए थे दंपती
दरअसल, पिपरौली बाजार के निवासी हैदर और रुखसाना पिछले 10 साल से देईपार चौराहे पर किराए के कमरे में रह रहे थे। दोनों गीडा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। रोजाना की तरह, उन्होंने सुबह अपने बच्चों को नाश्ता कराकर 11 साल की तमन्ना और 3 साल के छोटे बेटे तैमूर को घर पर छोड़कर काम पर चले गए।
दोपहर में मां घर आई तो फंदे से लटकी हुई थी बेटी
मां रुखसाना जब दोपहर में खाना बनाने आई, तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। उसने छोटे बेटे को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया और कमरे में जाकर देखा कि तमन्ना का शव दुपट्टे से लटका हुआ था। रुखसाना ने तुरंत अपने पति को सूचित किया और आस-पास के लोग भी इकट्ठा हो गए।परिजनों का कहना है कि उनका किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि सुबह तमन्ना ने मोबाइल चलाने की मांग की थी, लेकिन मां ने उसे मना कर दिया। तमन्ना पिपरौली बाजार के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 की छात्रा थी। उसके पिता गीडा इंडस्ट्रियल एरिया में प्लाई फैक्ट्री में काम करते थे, जबकि मां क्रेजी फैक्ट्री में मजदूरी करती थीं। परिवार में एक और छोटा लड़का तैमूर भी है, जो अभी केवल 3 साल का है।