scriptवृद्धा को बनाया ठगी का शिकार  | Old made a victim of fraud | Patrika News
सिरसा

वृद्धा को बनाया ठगी का शिकार 

 डाकघर के निकट एक वृद्धा को ठग गिरोह ने अपना शिकार बनाया। महिला से छह तोले सोना 

सिरसाJan 23, 2015 / 04:57 pm

युवराज सिंह

सिरसा। डाकघर के निकट एक वृद्धा को ठग गिरोह ने अपना शिकार बनाया। महिला से छह तोले सोना व पांच हजार रूपए की नकदी झटक ली और फरार हो गए।

ठग गिरोह में एक महिला भी शामिल थी। सभी एक सिल्वर कलर की कार में सवार थे। ठगी का शिकार हुई वृद्धा ने सदर गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों पर उसकी सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। मामले की छानबीन में शहर पुलिस जुट गई है।

बी ब्लॉक निवासी दर्शना पत्नी ओमप्रकाश ने बताया कि वह डाकघर में पांच हजार रूपए जमा करवाने के लिए आई थी। अवकाश से अनभिज्ञ दर्शना ने जब डाकघर के गेट पर ताला देखा तो आसपास के लोगों से इसकी वजह पूछी। महिला ने बताया कि कुछ देर बाद ही एक युवक उसके पास आया और उससे गुरद्वारे का रास्ता पूछा। उसने युवक को रास्ता बता दिया। तभी एक महिला वहां आ पहुंची और उसने बताया कि युवक किसी बड़े संत का चेला है जोकि तमाम दुरूखदर्द दूर कर सकता है। उसने यदि आपसे पता पूछा है तो आपके भाग्य बदलने वाले हैं। इस प्रकार महिला ने वृद्धा को बातों में लगा लिया। तभी युवक भी वापिस लौट आया। उन्होंने वृद्धा के परिवार के बारे में, बीमारी के बारे में व अन्य बातें छेड़ दी।

उन्होंने कहा कि उनकी तमाम परेशानियों का चुटकियों में ही हल कर सकते हैं और वे उसे अपने साथ डाकघर के निकट खड़ी सिल्वर कलर की कार में बैठा कर ले गए। यहां पर उन्होंने उसके छह तोला वजनी चूडियां, टोपस व अंगूठी उतरवा लिए और पांच हजार की नकदी भी ले ली। स्वर्ण आभूषण और नकदी को एक कपड़े में लपेटा और बाद में उसे पोटली थमा दी। उससे कहा गया कि इस पोटली को वह कुछ देर बाद खोले। उसकी तमाम समस्या, परेशानियां दूर हो जाएंगी। मगर उसने कुछ देर बाद ही पोटली खोली तो उसमें सोने की बजाय लोहे के कड़े और नकदी गायब पाई। उसने इस बारे में आसपास के लोगों को बताया तो लोगों ने पुलिस को सूचित करने के लिए कहा। उसने सदर गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को इस बारे में बताया मगर वे अपनी बातों में ही मशगूल रहे और ठग गिरोह के लोग कार में सवार होकर वहां से निकल गए। बाद में जब उसने शोर मचाया तो भीड़ जुटी और मामला पुलिस तक पहुंचा। 

Hindi News / Sirsa / वृद्धा को बनाया ठगी का शिकार 

ट्रेंडिंग वीडियो