scriptशहर में नहीं चल रही सिटी बसें, ई-रिक्शा संचालन की योजना भी ठंडे बस्ते में | City buses are not running in the city, plans to operate e-rickshaw ar | Patrika News
देवास

शहर में नहीं चल रही सिटी बसें, ई-रिक्शा संचालन की योजना भी ठंडे बस्ते में

शहर में मात्र तीन ही सिटी बसें बाहरी क्षेत्रों में हो रही संचालित, अन्य शहरों तक हो रहा सूत्र सेवा बसों का संचालन
 

देवासFeb 21, 2024 / 09:42 pm

rishi jaiswal

शहर में नहीं चल रही सिटी बसें, ई-रिक्शा संचालन की योजना भी ठंडे बस्ते में

शहर में नहीं चल रही सिटी बसें, ई-रिक्शा संचालन की योजना भी ठंडे बस्ते में

देवास. शासन की अमृत योजनांतर्गत शहर में सिटी बसों का संचालन नहीं हो रहा है। योजना के तहत शहर के विभिन्न रूट पर बसों का संचालन होना था लेकिन वर्तमान में दो रूट पर ही तीन बसों का संचालन हो रहा है जो शहर के बाहरी क्षेत्रों में जा रही है। ऐसे में शहर के कई क्षेत्र सिटी बस सुविधा से वंचित है। वहीं सिटी बसों का संचालन नहीं होने से लोगों को मैजिक व ऑटो रिक्शा से सफर करना पड़ रहा है। शहर में विभिन्न रूट पर कई बार सिटी बसों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए गए लेकिन यह सफल नहीं हो सके। ऐसे में योजना को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं अमृत योजना के तहत अन्य शहरों तक जरूर सूत्र सेवा बसों का संचालन हो रहा है।
2017 में शुरू हुआ था संचालन

उल्लेखनीय है कि यात्रियों की सुविधा के लिए सूत्र सेवा बसों का संचालन वर्ष 2017 में शुरू किया गया था। योजना अनुसार 69 अंतर शहरीय एवं शहरीय बसों का संचालन बस संचालक द्वारा देवास सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से किया जाना था। योजना के तहत दो बस ऑपरेटरों का काम दिया गया था। इसमें एक ऑपरेटर द्वारा उज्जैन रूट व शहर में सिटी बसों का संचालन शुरू किया था जबकि दूसरे ने इंदौर रूट पर ऐसी बसों का संचालन शुरू किया था। हालांकि शहर में सिटी बसों को ज्यादा सवारियां नहीं मिल सकी ऐसे में कई क्षेत्रों में सिटी बसें बंद कर दी गई। वहीं देवास से उज्जैन, सोनकच्छ, आष्टा, कन्नौद, खातेगांव, हरदा, पीपलरावां, शाजापुर, शुजालपुर, गुना, ब्यावरा तक करीब 35 बसें संचालित की जा रही है।
तीन रूट पर चल रही सिटी बसें

वर्तमान में शहर के भोपाल चौराहा से मेंढकी धाकड़ स्थित साइंस कॉलेज तक दो सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। वहीं एक बस का संचालन भोपाल बायपास चौराहा से रसूलपुर तक किया जाता है। यही बस सुबह के समय विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बिंजाना, संजयनगर रूट पर जाती है।
कई क्षेत्र ऑटो, मैजिक के भरोसे

उल्लेखनीय है कि शहर के बाहरी क्षेत्र बालगढ़, मेंढकी रोड, बीमा रोड, कैलादेवी क्षेत्रों में सिटी बसों का संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे में वहां के रहवासियों को निजी साधन या ऑटो-मैजिक से ही आना-जाना पड़ता है। ऐसे में रहवासियों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है। 2020 में नगर निगम चुनाव के बाद हुई बैठक में तय किया गया था कि शहर के विभिन्न रूट पर सिटी बसों का कुछ दिन ट्रायल किया जाएगा। वहीं एमजी रोड पर ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा लेकिन दोनों ही मामलों में कोई कवायद नहीं हो सकी।
इंदौर रूट की एसी बसें बंद

योजना के तहत इंदौर रूट पर एसी बसें संचालित की जा रही थी लेकिन ऑपरेटर द्वारा मनमानी करते हुए अब इनका संचालन बंद कर दिया गया है। इन बसों पर परिवहन कार्यालय का टैक्स भी बकाया है। ऑपरेटर पर अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नगर निगम नहीं कर सका है।
10-ई बसें संचालित होंगी

उधर इंदौर रूट पर एसी बसों का संचालन बंद होने के बाद इस रूट पर अब ई-बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। हाल ही में शासन द्वारा ई-बसों के संचालन के लिए स्वीकृति दी गई थी। इस योजना में करीब 6 करोड़ की राशि शासन द्वारा प्रदान की जाएगी जबकि बाकी नगर निगम मिलाएगा। करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से 10-बसें संचालित करने की योजना है। फिलहाल इसकी टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
फैक्टस-

-35 सूत्र सेवा बसों का विभिन्न रूट पर हो रहा संचालन

-3 सिटी बसें शहर में हो रही संचालित

-69 अंतर शहरीय एवं शहरीय बसों का होना था संचालन

-2017 में शुरू हुई थी योजना
शहर में सिटी बसों के संचालन के लिए हम संबंधित ऑपरेटर को दो नोटिस दे चुके हैं। बसों का संचालन नहीं करने पर प्रतिमाह पैनल्टी भी लगाई जा रही है। तीसरा नोटिस देने के बाद लिगल नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी संचालन नहीं किया जाता है तो उसकी जमा राशि राजसात की जाएगी। इंदौर रूट के ऑपरेटर भी यही कार्रवाई होगी। ई-रिक्शा के लिए टेंडर जारी किया था लेकिन किसी ने प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। इसके दोबारा टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
-गीता दुर्गेश अग्रवाल, महापौर

Hindi News/ Dewas / शहर में नहीं चल रही सिटी बसें, ई-रिक्शा संचालन की योजना भी ठंडे बस्ते में

ट्रेंडिंग वीडियो