scriptICC T20 Women’s World Cup 2024 का आगाज आज से, इतिहास रचने उतरेंगी भारत की बेटियां | ICC T20 Women's World Cup 2024 Indian women team will go on to create history | Patrika News
क्रिकेट

ICC T20 Women’s World Cup 2024 का आगाज आज से, इतिहास रचने उतरेंगी भारत की बेटियां

ICC T20 Women’s World Cup 2024: टी20 महिला विश्व कप का आगाज आज 3 अक्‍टूबर से यूएई में होने जा रहा है। भारतीय महिला टीम की नजर इस बार इतिहास रचने पर होगी। इस साल जून में भारतीय पुरुष टीम के टी20 विश्व चैंपियन बनने के बाद अब फैंस को महिला टीम से भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है।

नई दिल्लीOct 03, 2024 / 09:13 am

lokesh verma

ICC Women's T20 World Cup 2024
ICC T20 Women’s World Cup 2024: कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आज तीन अक्टूबर से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 महिला विश्व कप में उतरेगी तो उसका एकमात्र लक्ष्य खिताब जीत कर इतिहास रचना होगा। खासतौर पर कप्तान हरमनप्रीत पर काफी दबाव होगा, क्योंकि वह लगातार चौथी बार इस विश्व कप में भारतीय टीम की अगुआई करने जा रही हैं। इस साल जून में भारतीय पुरुष टीम के टी20 विश्व चैंपियन बनने के बाद अब फैंस को महिला टीम से भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है। भारतीय महिला टीम भी इतिहास रचने को तैयार है।

हरमनप्रीत की कप्तानी में दमदार रिकॉर्ड

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 15 विश्व कप मैचों में से 11 में जीत दर्ज की है। हालांकि 35 वर्षीय हरमनप्रीत पर इस विश्व कप में दोहरा दबाव होगा। उन्हें कप्तानी के अलावा बल्लेबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पिछले कुछ समय से हरमनप्रीत तेज गति से रन बनाने में विफल रही हैं। भारतीय टीम को यदि विश्व कप जीतना है तो हरमनप्रीत को अच्छी पारियां खेलनी होंगी। हरमनप्रीत विश्व कप में सर्वाधिक 15 मैचों में कप्तानी करने वाली भारतीय खिलाड़ी हैं। दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान मिताली राज (13) हैं।

सलामी जोड़ी पर होगा दारोमदार

विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता उसकी सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। मंधाना भारतीय टीम की उपकप्तान भी हैं। वह लंबी पारी खेलने के लिए जानी जाती हैं। वहीं, शेफाली वर्मा के लिए जरूरी है कि वह जल्द विकेट गंवाने से बचें और ज्यादा से ज्यादा देर तक विकेट पर टिकी रहें।

इन बल्लेबाजों की होगी कड़ी परीक्षा

तीसरे नंबर पर खेलने वाली जेमिमा रोड्रिगेज के अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर भी काफी दबाव होगा। कई बार बड़ी टीमों के खिलाफ मध्यक्रम बिखर गया और टीम को हार झेलनी पडी। इस कारण मध्यक्रम के बल्लेबाजों को उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।
यह भी पढ़ें

कोविड में पिता को खोया, अब कैंसर से जूझ रही मां के लिए वर्ल्ड कप खेलना चाहती है ये स्टार बल्लेबाज

ये गेंद-बल्ले से दिखाएंगे दमखम

ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पर भारतीय टीम काफी निर्भर है। वह गेंद और बल्ले से कमाल दिखा सकती हैं। वहीं, 22 वर्षीय श्रेयांका पाटिल और 33 वर्षीय आशा सोभना के पास दमखम दिखाने का मौका होगा। ये तीनों खिलाड़ी स्पिन में भारतीय गेंदबाजी की कमान संभालेंगी।

ये तेज गेंदबाजी में बिखेरेंगी चमक

वर्ल्‍ड कप में इस बार पूजा वस्त्राकर से फैंस को काफी उम्‍मीदें हैं। उन्‍होंने अब तक विश्‍व कप के 4 मैचोें 2 विकेट झटके हैं। वहीं, रेणुका ठाकुर ने काफी प्रभावित किया है। रेणुका 5 मैचों में 7 विकेट अपने नाम किए हैं।

भारतीय टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, रिचा घोष, दयालन हेमलता, जेमिमा रोड्रिगेज, शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल, संजीवन संजना, दीप्ति शर्मा, आशा सोभना, अरुधंति रेड्डी, रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव।

Hindi News / Sports / Cricket News / ICC T20 Women’s World Cup 2024 का आगाज आज से, इतिहास रचने उतरेंगी भारत की बेटियां

ट्रेंडिंग वीडियो