scriptनारी सम्मान योजना पर भाजपा की तीन पूर्व महिला मंत्रियों ने कांग्रेस को घेरा | Question of three former women ministers of BJP to Congress | Patrika News
भोपाल

नारी सम्मान योजना पर भाजपा की तीन पूर्व महिला मंत्रियों ने कांग्रेस को घेरा

दागा सवाल- आइटम कहने वाली कांग्रेस क्या करेगी नारी सम्मान

भोपालMay 09, 2023 / 10:13 pm

दीपेश तिवारी

bjp.png

मध्यप्रदेश में होने वाले चुनावों से पहले जहां भाजपा व कांग्रेस इन दिनों लगातार आपस में एक दूसरे पर हमला करने में व्यस्थ हैं तो वहीं दूसरी ओर ये दोनों ही पार्टियां इस समय नई नई घोषणाएं कर जनता को अपनी ओर करने की कोशिशों में भी जुटी हुई हैं। इन्हीं स्थितियों के चलते भाजपा की ओर से जहां लाडली बहना योजना जारी की गई तो वहीं इसके सामने कांग्रेस की ओर से नारी सम्मान योजना को खडा कर दिया गया है।

कांग्रेस की इस योजना के सामने आते ही प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस की नारी सम्मान योजना को लेकर सियासी हमला किया है। भाजपा की तीन पूर्व महिला मंत्रियों ने योजना को धोखा बताया। अर्चना चिटनीस, इमरती देवी और रंजना बघेल ने मंगलवार को संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महिलाओं को आइटम और टंच माल कहने वाली कांग्रेस क्या नारी सम्मान करेगी? ये मध्यप्रदेश के साथ नया फरेब है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में अर्चना चिटनीस ने कहा कि कमलनाथ ने नारी सम्मान योजना के नाम से नया फरेब प्रारंभ किया है। जिसे कमलनाथ नारी सम्मान कह रहे हैं वह नारी सम्मान नहीं, बल्कि कांग्रेस कल्याण की कवायद है। महिलाओं का पोषण आहार का निवाला छीनने वाले को नारी सम्मान की बातें करना शोभा नहीं देता 2018 विधानसभा चुनाव से पहले भी कर्जमाफी के नाम पर एक ऐसी ही धोखाधड़ी कमलनाथ ने सत्ता हथियाने के लिए प्रदेश के किसानों से की थी। जिसके कारण किसान डिफॉल्टर हुए। वही फरेब बहनों से कमलनाथ नारी सम्मान योजना के नाम पर कर रहे है। कांग्रेस के नेता महिलाओं को टंच माल और आइटम कहते हैं। ऐसी कुत्सित मानसिकता रखने वाले कांग्रेस नेताओं से भला नारी सम्मान की उम्मीद कैसे की जा सकती है?

इमरती देवी ने कहा कि मुझे कमलनाथ ने आइटम कहा था। क्या ऐसा कहने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री बनने लायक है? जो व्यक्ति महिला का सम्मान नहीं करता, वो क्या करेगा। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कहा था कि बजट का 40 प्रतिशत भाग महिलाओं पर खर्च करेंगे लेकिन हकीकत में कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई, बल्कि उल्टा भाजपा सरकार में जनजातीय बहनों को दिए जाने वाले 1 हजार रुपए भी कमलनाथ सरकार ने बंद कर दिए थे।

पूर्व मंत्री रंजना बघेल ने कहा कि कमलनाथ ने विधानसभा चुनाव से पहले आजीविका मिशन से जुड़ी बहनों को लोन देने का वादा किया था लेकिन उन्होंने वादाखिलाफी की। भाजपा सरकार ने स्वसहायता समूह को आत्मनिर्भर बनाने लोन दिया। आज बड़ी संख्या में स्वसहायता समूह के माध्यम से महिलाएं सशक्त हुई हैं। कमलनाथ ढोंग, छल, कपट, छद्म के प्रतीक हैं।

इधर, भूपेंद्र सिंह बोले- ठगने का ठेका
नगरीय आवास एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि कमलनाथ को दिल्ली से मप्र की जनता को ठगने का ठेका मिला है। कमलनाथ असल में ठगनाथ हैं। पहले किसानों को ठगने कर्जमाफी योजना लाए और अब जनता को ठगने नारी सम्मान योजना की बात कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में मंत्री भूपेंद्र ने कहा कि कांग्रेस वोट पाने जनता को ठगने का प्रयास कर रही है। किसान कर्ज माफी की तरह ही नारी सम्मान योजना है। जब कमलनाथ मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने नारियों का अपमान किया। आदिवासी महिलाओं का एक हजार रुपए महीना बंद कर दिया था। कमलनाथ को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। भूपेंद्र ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाकर कहा कि दिग्विजय शासनकाल में मप्र सिमी का केंद्र बना था। भाजपा सरकार ने आतंकी नेटवर्क, सिमी के नेटवर्क को ध्वस्त किया।

Hindi News / Bhopal / नारी सम्मान योजना पर भाजपा की तीन पूर्व महिला मंत्रियों ने कांग्रेस को घेरा

ट्रेंडिंग वीडियो