scriptभोपाल में दो नगर निगम बनाने पर आपत्तियां: नबीबाग के रहवासी बोले हमें नहीं जाना कोलार में, भोपाल ननि में ही रहने दें | nagar nigam divided into two parts, what resident says | Patrika News
भोपाल

भोपाल में दो नगर निगम बनाने पर आपत्तियां: नबीबाग के रहवासी बोले हमें नहीं जाना कोलार में, भोपाल ननि में ही रहने दें

भोपाल में दो नगर निगम बनाने पर दूसरे दिन आईं दो आपत्तियां…

भोपालOct 11, 2019 / 07:32 am

सुनील मिश्रा

bhopal nagar nigam

bhopal nagar nigam

भोपाल। नगर निगम भोपाल को दो हिस्सों में बांटने को लेकर दूसरे दिन दो आपत्तियां आई हैं। पहली आपत्ति नबीबाग के रहवासियों ने की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें भोपाल नगर निगम में ही रहने दिया जाए।
हमें कोलार नगर निगम में शामिल नहीं किया जाए। दूसरे आपत्ति कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शैली ने पेश की है। उनका कहना है कि पहले से ही नगर निगम पर कर्ज का बोझ है।
ऊपर से कोलार को अलग नगर निगम बनाने से यह बोझ और बढ़ जाएगा। आम लोग कोलार को नगर निगम बनाने को लेकर 15 अक्टूबर शाम 5.30 बजे तक अपनी आपत्ति पेश कर सकते हैं।
दूसरे दिन कलेक्टोरेट की निर्वाचन शाखा में करोंद स्थित नबीबाग के रहवासियों ने आपत्ति पेश की है। इसमें बताया गया है कि वार्ड-72 से लेकर 79 को कोलार नगर निगम में शामिल किया गया है, जबकि इस क्षेत्र का सीधा संबंध भोपाल शहर से जुड़ा हुआ है।
इसलिए इसे भोपाल नगर निगम में ही रहने दिया जाना चाहिए। अगर इसे कोलार में शामिल किया जाता है तो यहां के लोगों को बीस से 25 किलोमीटर दूर छोटे-छोटे कामों के लिए कोलार जाना पड़ेगा।
शिवराज सिंह बोले- कांग्रेस वर्गभेद कर दो भाइयों को बांटने की दिशा में काम कर रही, इसके दूरगामी परिणाम खतरनाक होंगे

भोपाल में दो नगर निगम बनाने के प्रस्ताव के विरोध पर गुरुवार को मानस भवन में भोपाल के व्यापारीगण, व्यापारियों से जुड़े संगठन, सामाजिक संगठन, प्रबुद्ध वर्ग और अन्य समाज के लोगों की उपस्थिति में विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी सहित पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भोपाल को दो क्षेत्रों में बांटकर दो नगर निगम बनाने का निर्णय वैसा ही होगा, जैसा दो भाईयों को बांटना। दोनों भाई सौहार्दपूर्वक तमाम तीज-त्योहार मना रहे हैं, लेकिन दो नगर निगम होने से इसमें भेद हो जाएगा।
उन्होंने इसके दूरगामी परिणामों के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए कहा कि धर्म-जाति, वर्ग के आधार पर शहर का बंटवारा नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा किया जाता है और भविष्य में दो अलग-अलग दलों के दो महापौर, चुने गए तो शहर का विकास होने की बजाय पिछड़ जाएगा।
दोनों एक-दूसरे को सहयोग नहीं करेंगे। कांग्रेस ऐसा करके लड़ाने का काम कर रही है। इस अवसर पर प्रबुद्ध नागरिकों ने विचार रखे कि जहां हम स्मार्ट सिटी की बात कर रहे हैं, वहीं दो नगर निकायों का प्रस्ताव लाकर बड़े शहर को नगर परिषद जैसे कस्बों में विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। अलग-अलग संगठनों और लोगों ने इस बैठक में हिस्सा लेकर अपने-अपने विचार रखे।
आज हस्ताक्षर अभियान

शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बूथ स्तर पर जाकर इस प्रस्ताव के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। जिला भाजपा अध्यक्ष विकास विरानी ने बताया कि जातिगत विभाजन और कांग्रेस की नीतियों के बारे में आम लोगों को जागरुक किया जाएगा। जगह-जगह अभियान के तहत दावे-आपत्तियां जुटाकर इस प्रस्ताव का विरोध किया जाएगा।

Hindi News / Bhopal / भोपाल में दो नगर निगम बनाने पर आपत्तियां: नबीबाग के रहवासी बोले हमें नहीं जाना कोलार में, भोपाल ननि में ही रहने दें

ट्रेंडिंग वीडियो