scriptlok sabha election 2024 : मध्यप्रदेश में दूसरे चरण के लिए मतदान कल, इन सीटों पर होगी वोटिंग | lok sabha election 2024 second phase Voting in Madhya Pradesh on 6 seats | Patrika News
भोपाल

lok sabha election 2024 : मध्यप्रदेश में दूसरे चरण के लिए मतदान कल, इन सीटों पर होगी वोटिंग

दूसरे चरण में 6 सीटों पर वोटिंग होगी इनमें टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद शामिल हैं। इन सभी 6 सीटों पर 80 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं

भोपालApr 26, 2024 / 09:44 am

Shailendra Sharma

lok sabha election 2024 second phase voting
lok sabha election 2024 second phase : मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए कल यानी शुक्रवार को सुबह 7 बजे से वोटिंग होगी। दूसरे चरण में मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। दूसरे चरण में जिन 6 सीटों पर वोटिंग होगी उनमें टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद शामिल हैं। इन सभी 6 सीटों पर 80 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जिनके भाग्य का फैसला 1 करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 मतदाता कल ईवीएम में कैद कर देंगे। चुनाव परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

इन सीटों पर होगी वोटिंग, ये प्रत्याशी आमने-सामने


खजुराहो लोकसभा सीट

खजुराहो लोकसभा सीट पर एक तरह से वॉक ओवर जैसी स्थिति है। कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था और सपा प्रत्याशी मीरा यादव को समर्थन दिया था लेकिन सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त हो गया था। खजुराहो लोकसभा सीट में आठ विधानसभा क्षेत्र चंदला, रामनगर, पवई, गुनौर, पन्ना, विजयराघवगढ़, मुड़वारा, बहोरीबंद आती हैं। सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

टीकमगढ़ लोकसभा सीट

टीकमगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के वीरेन्द्र कुमार खटीक और कांग्रेस के पंकज अहिरवार के बीच मुख्य मुकाबला है। बसपा ने यहां दल्लूराम अहिरवार को चुनावी मैदान में उतारा है। टीकमगढ़ लोकसभा सीट में टीकमगढ़, जतारा, खरगापुर, पृथ्वीपुर, निवाड़ी, महाराजपुर, छतरपुर और बिजावर विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें से तीन पर कांग्रेस तो 5 पर भाजपा का कब्जा है।

दमोह लोकसभा सीट

दमोह लोकसभा सीट पर भाजपा के राहुल लोधी कांग्रेस के तरबर सिंह लोधी के बीच मुकाबला है। राहुल लोधी बीते विधानसभा चुनाव में हार का सामना कर चुके हैं। भाजपा के राहुल लोधी और कांग्रेस के तरबर सिंह दोनों एक एक बार विधायक रह चुके हैं। दमोह लोकसभा सीट में आठ विधानसभा सीटें दमोह, हटा, जबेरा, पथरिया, बड़ा मलहरा, देवरी, रहली और बंडा आती हैं। इनमें से सिर्फ एक पर कांग्रेस और बाकी सात पर भाजपा का कब्जा है।

रीवा लोकसभा सीट

रीवा लोकसभा सीट पर मुकाबला मिश्रा बनाम मिश्रा का है। भाजपा ने यहां जनार्दन मिश्रा को तो कांग्रेस ने नीलम अभय मिश्रा को टिकट दिया है। नीलम मिश्रा भाजपा से विधायक रह चुकी हैं। रीवा लोकसभा सीट में आठ विधानसभाएं रीवा, गुढ़, सेमरिया, सिरमौर, मनगवां, त्योंथर, मऊगंज और देवतालाब हैं जिनमें से सिर्फ एक पर कांग्रेस और सात पर भाजपा का कब्जा है।

सतना लोकसभा सीट

सतना लोकसभा सीट का चुनाव बेहद दिलचस्प है यहां पर मुकाबला त्रिकोणीय होने के साथ साथ बदले का भी है। दरअसल सतना से भाजपा ने गणेश सिंह को टिकट दिया है और कांग्रेस ने सिद्धार्थ कुशवाह को। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के सिद्धार्थ ने गणेश सिंह को हराया था लिहाजा गणेश सिंह की कोशिश हार का बदला लेने की होगी। वहीं बसपा ने सतना लोकसभा सीट से नारायण त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है जो कि खेल बिगाड़ सकते हैं। सतना लोकसभा सीट में सतना, रामपुर बघेलान, नागौद, रैगांव, चित्रकूट, मैहर और अमरपाटन सीटें आती हैं। इनमें से दो पर कांग्रेस और पांच पर भाजपा का कब्जा है।

होशंगाबाद लोकसभा सीट

होशंगाबाद लोकसभा सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प है यहां कांग्रेस ने संजय शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा ने दर्शन सिंह को प्रत्याशी बनाया है। होशंगाबाद लोकसभा सीट में आठ विधानसभा होशंगाबाद, सिवनी-मालवा, सोहागपुर, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, तेंदुखेड़ा और उदयपुरा सीटें आती हैं इन सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इतना ही नहीं होशंगाबाद लोकसभा सीट से मध्यप्रदेश की मोहन सरकार में तीन मंत्री प्रहलाद पटेल, राव उदय प्रताप और नरेन्द्र शिवाजी पटेल शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो