scriptजग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम | Deeg Mahotsav starts on 10th October | Patrika News
भरतपुर

जग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम

डीग महोत्सव का आगाज 10 को, रंगीन फव्वारों के साथ 5000 दीपों से होगा दीपदान, जग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम

भरतपुरOct 05, 2023 / 12:06 pm

Gyan Prakash Sharma

जग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम

जग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम

डीग. राज्य के लोकप्रिय त्यौहारों की तरह मनाए जाने वाला दो दिवसीय डीग महोत्सव का आगाज 10 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। महोत्सव में जलमहलों में रंगीन फव्वारों की अठखेलियों की धूम के साथ महलों के सरोवर पर 5 हजार दीपों का दीपदान मुख्य आकर्षण होंगे।
जिला कलक्टर शरद मेहरा ने कहा कि महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग ने महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
डीग महोत्सव के पहले दिन ये होंगे कार्यक्रम –

पर्यटन विभाग भरतपुर संभाग के उपनिदेशक संजय जौहरी ने बताया कि महोत्सव का आगाज शोभायात्रा के साथ होगा। यात्रा गणेश मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, नई सड़क से होती हुई पुनः गणेश मंदिर पर संपन्न होगी। शोभायात्रा में महिला एवं बाल विकास विभाग के सानिध्य में 100 महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर निकलेंगी।
कार्यक्रम में दमखम-कबड्डी प्रतियोगिता के साथ ही लोक कलाकारों की ओर के रंग प्रस्तुति, दीपदान, “जग-मग डीग“, मूंछ एवं राधा-कृष्ण पोशाक प्रतियोगिता होगी। शाम 4 बजे जलमहलों में रंगीन फव्वारों का संचालन होगा। साथ ही सांय जलमहलों में श्री राम भारतीय कला केंद्र नई दिल्ली द्वारा श्रीकृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका कार्यक्रम आयोजित होगा। उससे पहले जलमहलों के सरोवर पर सांय 6 बजे से 7 बजे तक 5000 दीपों का दीपदान होगा।
महोत्सव के दूसरे दिन का आकर्षण हैरिटेज वॉक डिस्कवर डीग –

उन्होंने बताया कि डीग महोत्सव के दूसरे दिन 11 अक्टूबर को हैरिटेज वॉक डिस्कवर डीग कार्यक्रम होगा। जो मुख्य आकर्षण होगा।

कार्यक्रम में डीग के सांस्कृतिक एवं हैरिटेज विरासत के दर्शन होंगे। उन्होंने बताया कि हैरिटेज वॉक गणेश मंदिर से शुरू होकर लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, नई सड़क, डीग किले से होते हुए डीग महल पर संपन्न होगी। मेला मैदान में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक स्कूली बच्चों की नींबू-चम्मच प्रतियोगिता होगी। साथ ही मेला मैदान में स्थानीय जनों एवं पर्यटकों के मध्य रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता की जाएगी। कार्यक्रम में जलमहल परिसर में मेहंदी एवं रंगोली और साफा बांधने की प्रतियोगिता होगी। महोत्सव के अंत में भव्य रंगारंग सांस्कृतिक संध्या डीग महल में आयोजित की जाएगी।
डीग. महोत्सव में रंगारंग प्रस्तुतियां देते राजस्थानी कलाकार (फाइल फोटो)

डीग. महोत्सव में बिखरती रंगीन फव्वारों की सतरंगी छटाएं (फाइल फोटो)

Hindi News / Bharatpur / जग-मग होगा डीग, दो दिन रहेगी महोत्सव की धूम

ट्रेंडिंग वीडियो