scriptडिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं: साइबर कार्यशाला में बोले एडीजी रमित | Patrika News
बरेली

डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं: साइबर कार्यशाला में बोले एडीजी रमित

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एडीजी रमित शर्मा ने एक महत्वपूर्ण कार्यशाला फ्यूचर विश्वविद्यालय में आयोजित की। इसमें जोन के 9 जिलों से 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

बरेलीOct 27, 2024 / 09:53 pm

Avanish Pandey

बरेली। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एडीजी रमित शर्मा ने एक महत्वपूर्ण कार्यशाला फ्यूचर विश्वविद्यालय में आयोजित की। इसमें जोन के 9 जिलों से 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मियों में जागरूकता और उनकी कार्यकुशलता बढ़ाना था। एडीजी ने कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं होती है।

कार्यशाला का किया गया आयोजन

कार्यशाला का उद्घाटन एडीजी रमित शर्मा और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ राहुल मिश्रा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष साइबर सुरक्षा की अहमियत पर जोर दिया गया। कार्यशाला का शीर्षक “साइबर सुरक्षा सुदृढ़ीकरण: साइबर अपराधों का मुकाबला करने के लिए पुलिसकर्मियों को सशक्त बनाना” था, जिसमें पुलिसकर्मियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान और साइबर अपराध की पहचान, रोकथाम, और जांच के तरीकों पर जानकारी दी गई।

एडीजी का संदेश और साइबर थानों पर जोर

एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीक ने जहां सुविधाएं बढ़ाई हैं, वहीं इसके दुरुपयोग से साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं। विशेषकर वित्तीय धोखाधड़ी जैसी घटनाओं के मद्देनज़र उन्होंने पुलिसकर्मियों से पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने साइबर थानों में शिकायतों को सही तरीके से दर्ज करने और पीड़ितों को ट्रैकिंग से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की जरूरत पर भी बल दिया।

साइबर हेल्प डेस्क और जागरूकता बढ़ाने पर ध्यान


कार्यशाला में एडीजी रमित शर्मा ने साइबर हेल्प डेस्क को अधिक सक्षम बनाने की बात की। उनका कहना था कि पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध के हर पहलू को समझने और जनता को जागरूक करने में सक्षम होना चाहिए। इसके साथ ही एडीजी ने साइबर अपराधों के रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई ताकि आम लोग खुद को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकें।

विशेषज्ञों के टिप्स और प्रशिक्षण


कार्यशाला में विशेषज्ञ राहुल मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की प्रकृति और उनके प्रकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने साइबर अपराधों से निपटने की तकनीकों पर भी गहन जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि साइबर अपराध सिर्फ तकनीकी ज्ञान से ही नहीं बल्कि समाज में व्यापक जागरूकता से भी नियंत्रित किए जा सकते हैं।

कार्यशाला में ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस कार्यशाला में फ्यूचर विश्वविद्यालय के चांसलर मुकेश गुप्ता, वाइस चांसलर प्रोफेसर पंकज कुमार मिश्रा, बरेली एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह, और जोन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन की आवश्यकता जताई।

Hindi News / Bareilly / डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई चीज नहीं: साइबर कार्यशाला में बोले एडीजी रमित

ट्रेंडिंग वीडियो