scriptराजस्थान उपचुनाव 2024 : इस सीट पर कांग्रेस ने तय किया प्रत्याशी का नाम! चौंका सकती है भाजपा | Rajasthan By-Election 2024 : ramgarh assembly seat bjp and congress candidate | Patrika News
अलवर

राजस्थान उपचुनाव 2024 : इस सीट पर कांग्रेस ने तय किया प्रत्याशी का नाम! चौंका सकती है भाजपा

रामगढ़ विधानसभा सीट पर उप चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर दोनों ही पार्टियों में चर्चाओं का दौर तेज है।

अलवरOct 16, 2024 / 03:11 pm

Kamlesh Sharma

BJP-Congress
अलवर। रामगढ़ विधानसभा सीट पर उप चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर दोनों ही पार्टियों में चर्चाओं का दौर तेज है। कांग्रेस ने मन बना लिया है कि दिवंगत विधायक जुबेर खान के पुत्र को टिकट दिया जाएगा। इसमें भी छोटे पुत्र आर्यन खान को टिकट देने की प्रबल संभावना है। कांग्रेस में जुबेर खान के परिवार के अलावा किसी और ने अभी दावेदारी भी नहीं की है।
भाजपा में टिकट चयन को लेकर माथापच्ची जारी है। सूत्रों की माने तो पिछले दिनों जयपुर में हुई संगठनात्मक बैठक में प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर लिया गया है। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जय आहूजा के अलावा आजाद समाज पार्टी से चुनाव लड़ने वाले सुखवंत सिंह भी भाजपा से दावेदारी जता रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में सुखवंत ने भाजपा में वापसी की थी। सुखवंत 2023 में दूसरे स्थान पर रहे थे। अलवर शहर से दो बार विधायक रह चुके बनवारी लाल सिंघल भी इस सीट से टिकट का दावा कर रहे हैं। हालांकि पार्टी यहां कोई चौंकाने वाला नाम भी घोषित कर सकती है। चर्चा है कि इस सीट से विधायक रह चुके ज्ञानदेव आहूजा भी अंदरखाने टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि आहूजा ने इस मामले में कोई भी कमेंट देने से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें

देवली-उनियारा उपचुनाव : कांग्रेस-भाजपा में टिकट की दौड़ शुरू, जानें कौन हैं प्रमुख दावेदार

दो चुनाव से कांग्रेस का कब्जा

इस सीट पर पिछले दो चुनाव से कांग्रेस का कब्जा है। 2018 में हुए उप चुनाव में यहां कांग्रेस की साफिया जुबेर खान और 2023 में कांग्रेस के जुबेर खान की जीत हुई थी। गौरतलब है कि जुबेर खान के निधन के चलते यह सीट खाली हुई है।
Rajasthan By-Election

250 गांवों से लेंगे फीडबैक

कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश स्तर से एक कमेटी का गठन किया गया था। उसकी बैठक के बाद राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और सारे विधायकों की बैठक हो चुकी है। रामगढ़ और गोविंदगढ़ की के कार्यकर्ताओं के साथ सारे जिले के कार्यकर्ताओं की बैठक भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ में 250 गांव, 4 नगरपालिका और 95 वार्ड हैं। पहली बार हर गांव में एक कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई गई है, जो ग्रामीण, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व अन्य प्रबुद्धजनों से संपर्क साधकर हमें रिपोर्ट देगा, जिसके आधार पर प्रचार की रणनीति बनाई जाएगी।

प्रभारी-प्रदेशाध्यक्ष ले चुके बैठक

भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि हमारी पार्टी चुनाव तक सीमित नहीं रहती। सालभर तैयार चलती रहती है। रामगढ़ उप चुनाव के लिए प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बैठक ले चुके हैं। प्रभारी गौतम दक भी अलवर जिले में ही हैं। इसके अलावा सीएम भजन लाल शर्मा के साथ भी बैठक हो चुकी है। टिकट पार्टी का संसदीय बोर्ड तय करेगा। हम केंद्र और राज्य सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। सहानुभूति पर इस बार काम भारी पड़ेगा। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, उसे चुनाव जिताकर विधानसभा में भेजेंगे। सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

Hindi News / Alwar / राजस्थान उपचुनाव 2024 : इस सीट पर कांग्रेस ने तय किया प्रत्याशी का नाम! चौंका सकती है भाजपा

ट्रेंडिंग वीडियो