उन्होंने कहा कि भाजपा के 400 पार का नारा चुनाव में ध्वस्त हो गया। जो पार्टी 303 पर थी वह 240 सीट तक सिमट गई। यह भाजपा के खिलाफ जनादेश है। विपक्ष की आवाज को दबाने, द्वेषतापूर्ण राजनीति करने, ईडी, सीबीआई के दुरुपयोग करने वालों को जनता ने आइना दिखाया है। देश में आर्थिक वर्गभेद, अप्रत्याशित बेरोजगारी, चुनिंदा व्यापारिक घरानों को लाभ पहुंचाने वाली मोदी सरकार को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।
कांग्रेसियों ने की मेहनत
पायलट ने कहा कि दस साल तक कांग्रेस राजस्थान में कोई सीट नहीं जीत पाई। इस बार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और राज्य की इकाई ने बेहतरीन काम किया। भीषण गर्मी में कार्यकर्ताओं की मेहनत से परिणाम बेहतर मिले हैं। महाराष्ट्र, यूपी, बंगाल, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में इंडिया गठबंधन को कामयाबी मिली। भाजपा तो अयोध्या में सीट तक नहीं बचा पाई।