केन्द्रीय बस स्टैंड का होगा कायाकल्प अजमेर के केन्द्रीय रोडवेज बस स्टैंड के रिनोवेशन में 40 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। जिसमें भवन, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्घोषणा सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले तथा कई यात्री सुविधाओं को हाईटेक बनाया जाना प्रस्तावित है। बस स्टैंड के सरक्यूलेटिंग एरिया को भी बढ़ाया जाएगा। वातानुकूलित वेटिंग रूम व केफेटेरिया बनेगा। निजी वाहनों का पार्किंग क्षेत्र पृथक होगा। बसों के एंट्रेंस गेट से यात्रियों का प्रवेश निषेध रहेगा।
राज्य बजट में अजमेर के लिए ई-बसों की घोषणा सरकार ने बजट में अजमेर के लिए इलेक्ट्रिक बसों की घोषणा की है। गत दिनों विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के लिए बसों की संख्या 30 से बढ़ाकर 50 करने का ऐलान किया था। ऐसे में अजमेर को नई बसें जल्द मिलने की उम्मीद है।रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि ई बसें मिलने के बाद उनकी चार्जिंग क्षमता अनुसार रूट तय किए जाएंगे। कम दूरी की चार्जिंग वाली बसों को शटल सेवा में इस्तेमाल किया जा सकेगा। जबकि अधिक चार्जिंग वाली बसें लंबे रूट पर चलाई जा सकेंगी।
————————————————————————– जर्जर हो रहा रोडवेज बस स्टैंड, प्रवेश द्वार पर बल्लियां लगाई अजमेर. केन्द्रीय रोडवेज बस स्टैंड पिछले करीब दस सालों से जर्जर है। मुख्य भवन से लेकर कक्षों की प्लास्टर, आरसीसी छत का प्लास्टर कई जगह से गिर गया है। प्रवेश द्वार पर प्लास्टर गिरने की आशंका के चलते यात्रियों की आवाजाही बल्लियां लगाकर रोकी गई है। रविवार को रक्षा बंधन के चलते यहां यात्री भार बढेगा। ऐसे में रोडवेज स्टाफ को यात्रियों की सुरक्षा के लिए अलर्ट किया गया है।
पहले रिनोवेशन के लिए 7 करोड़ किए थे स्वीकृत कुछ साल पहले रोडवेज बस स्टैंड भवन में जरूरी मरम्मत के लिए करीब 7 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। यह राशि आवंटित भी हो गई। इसकी मरम्मत का लेखा-जोखा भी तैयार कर लिया गया था। बाद में सरकार बदलने के बाद संभवत: पूरे बस स्टैंड का जीर्णोद्धार का निर्णय किया गया।
आज बढ़ेगा महिला यात्रीभार रक्षा बंधन पर सोमवार को महिलाओें के लिए नि:शुल्क यात्रा के चलते रविवार मध्यरात्रि से ही बस स्टैंड पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। यात्रीभार के अनुरूप कुछ अतिरिक्त बसें भी तैयार रखी गई हैं।
इनका कहना है मुख्यालय स्तर पर भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। बजट स्वीकृत करने का ऐलान किया है। जैसे ही निर्देश मिलेंगे कामकाज शुरू कर दिया जाएगा। रक्षा बंधन पर जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। रविवार शाम से ही विशेष इंतजाम कर लिए गए हैं।
उषा आर. नारायण, मुख्य प्रबंधक केन्द्रीय बस स्टैंड अजमेर