script144 मिसाइल-ड्रोन अटैक से दहला रूस, भारत की शांतिवार्ता के बीच यूक्रेन का बड़ा हमला  | Ukraine drone attacks on Russia death in Moscow Vladimir Putin reacts | Patrika News
विदेश

144 मिसाइल-ड्रोन अटैक से दहला रूस, भारत की शांतिवार्ता के बीच यूक्रेन का बड़ा हमला 

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने रूस पर ये हमला ऐसे वक्त पर किया है जब दोनों देशों के बीच भारत (India) की शांति वार्ता की कोशिशें तेज हो रही हैं। यूक्रेन ने रूस के 9 शहरों पर 144 ड्रोन से हमला किया है।

नई दिल्लीSep 11, 2024 / 11:57 am

Jyoti Sharma

Russia Ukraine War

Vladimir Putin And Volodymyr Zelensky (Russia Ukraine War)

Russia Ukraine War: शांति वार्ता की तेज होती चर्चाओं के बीच यूक्रेन ने सोमवार रात रूस पर सबसे भीषण ड्रोन हमला किया है। रूस के 9 शहरों में रातभर 144 ड्रोन मंडराते देखे गए, जिनसे यहां लोगों में अफरातफरी मच गई। इन हमलों में रूस की राजधानी को भी निशाना बनाया गया है, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। यह पहला मौका है कि जब मास्को (Moscow) में यूक्रेनी हमले में कोई मौत हुई है। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने बताया कि हमलों में मॉस्को क्षेत्र के रामेंस्कोये जिले में दो अपार्टमेंट के क्षतिग्रस्त होने से 46 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। सबसे ज्यादा 72 ड्रोनों से रूस के ब्रायन्सक में और मास्को में 20 ड्रोनों से हमला किया गया है। रूस का दावा है कि अधिकांश ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
इन ड्रोन हमलों में रूस के तीन एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया, जहां से आग की लपटें उठती देखी गईं। हमलों के बाद मॉस्को के डोमोडेडोवो, वनुकोवो और जुकोवस्की हवाई अड्डों से पहली बार इस युद्ध के दौरान सभी उड़ानों की आवाजाही पूरी तरह निलंबित कर दी गईं। इससे 50 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। बाद में उन प्रतिबंधों को हटा लिया गया।

रूस यात्रा पर हैं एनएसए अजीत डोभाल

यूक्रेन के ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जबकि ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) रूस में जुट रहे हैं। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकर अजित डोभाल (Ajit Doval) भी रूस पहुंच गए हैं, जहां वे यूक्रेन में शांति योजना को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ भी चर्चा करेंगे।

यूक्रेन का कुर्स्क अभियान वार्ता का दबाव बनाने के लिए

रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोईगू ने कहा है कि यूक्रेन का कुर्स्क हमला मास्को पर कीव की शर्तों पर शांति वार्ता का दबाव डालने के लिए है। शोइगू ने कहा कि सितंबर के आरंभिक दिनों में यूक्रेन को रूस के अंदर तक आक्रमण करने में सफलता मिली थी, जिसमें से 1000 वर्ग किमी अब मुक्त करा लिया गया है।

साल के अंत यूक्रेन बनाएगा 10 लाख से ज्यादा ड्रोन

यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्म्यहाल ने कहा है यूक्रेन ने 2024 में हथियारों का उत्पादन दोगुना कर दिया है। 2024 के पहले आठ महीनों में, हमने 2023 की तुलना में अपने हथियारों के उत्पादन को दोगुना कर दिया है। हमारा ड्रोन का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। यूक्रेन ने साल के अंत तक दस लाख से ज़्यादा ड्रोन बनाने की योजना बनाई है।

हमलों के बीच दूसरे शांति शिखर सम्मेलन की तैयारी

हमलों के बीच यूक्रेनी प्रधानमंत्री श्म्यहाल ने कहा, यूक्रेन चाहता है कि रूस समेत 150 देश दूसरे शांति शिखर सम्मेलन में भाग लें। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि दूसरे शिखर सम्मेलन में रूस के प्रतिनिधियों को वार्ता की टेबल पर लाना, जिससे उनके हेरफेर और झूठ को असंभव बनाया जा सके। हम चाहते हैं कि इस टेबल पर अधिक से अधिक देश हों, जो शांति वार्ता करने की रूस की क्षमता या शांति वार्ता करने में रूस की अक्षमता का प्रदर्शन देखें। श्म्यहाल ने कहा कि शिखर सम्मेलन इस साल के अंत तक होगा।

रूस को लड़ते रहना होगाः प्रवक्ता, क्रेमलिन

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि मॉस्को क्षेत्र पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला दिखाता है कि रूस को यूक्रेन से लड़ते रहने होगा। उन्होंने कहा कि जब तक यूक्रेनी सैनिक रूस के कुर्स्क क्षेत्र में मौजूद रहेंगे, मॉस्को कीव के साथ किसी भी तरह की बातचीत की कल्पना नहीं कर सकता और वह अपना विशेष सैन्य अभियान जारी रखेगा।

ब्लिंकन और लैमी एक साथ पहुंच रहे कीव

उधर, अमरीकी विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन और ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने लंदन में एक संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि वे इस सप्ताह कीव की संयुक्त यात्रा पर जा रहे हैं। पिछले एक दशक में यह पहला मौका होगा कि जब दोनों देशों के विदेश मंत्री एक साथ यूक्रेन की यात्रा करेंगे।

यूक्रेन में रूस की पोक्रोवस्क की ओर बढ़त जारी

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन में क्रास्नोहोरिवका शहर और साथ ही डोनेट्स्क क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में तीन गांवों पर को मुक्ता कर लिया है। यह शहर रूसी कब्जे वाले डोनेट्स्क से लगभग 20 किमी पश्चिम में स्थित है और कीव के लिए एक प्रमुख गढ़ के रूप में कार्य करता था। इसके साथ ही रूसी सेना यूक्रेन के महत्वपूर्ण रसद और परिवहन केंद्र पोक्रोवस्क शहर के करीब 15 किमी तक पहुंच चुकी है।

Hindi News / world / 144 मिसाइल-ड्रोन अटैक से दहला रूस, भारत की शांतिवार्ता के बीच यूक्रेन का बड़ा हमला 

ट्रेंडिंग वीडियो