scriptभारत को आजाद हुए 77 बरस हुए, अंग्रेज अपने दुर्दांत कर्मों की माफी कब माँगेंगे ?अलवर के NRI का दर्द | Patrika News
विदेश

भारत को आजाद हुए 77 बरस हुए, अंग्रेज अपने दुर्दांत कर्मों की माफी कब माँगेंगे ?अलवर के NRI का दर्द

Indian independence movement: भारत की आजादी के 72 बरस बाद भी अंग्रेजों ने अपने अत्याचारों के लिए भारत से माफी नहीं मांगी तो एक अप्रवासी भारतीय द्रवित हो उठे और उन्होंने कही अपने मन की बात :

नई दिल्लीAug 08, 2024 / 03:36 pm

M I Zahir

Cellular jail

Cellular jail

Indian independence movement : भारत के स्वतंत्रता संग्राम में बहुत से क्रांतिकारियों ने देश के लिए शहादत दी और अंग्रेजों ने निर्दोष भारतीयों पर बहुत अत्याचार किए, लेकिन अंग्रेजों ने भारतीयों से आज तक माफी नहीं मांगी। इस विषय पर संपर्क करने पर राजस्थान के अलवर मूल के प्रख्यात प्रवासी भारतीय साहित्यकार रामा तक्षक ( NRI Writer Rama Takshak) ने सीधे नीदरलैंड से patrika.com के पाठकों से कही अपनी बात। पेश है उन्हीं के शब्दों में:
यह तीर्थ महातीर्थों का है,
मत कहो इसे काला पानी,
तुम सुनो यहाँ की धरती के
कण-कण से गाथा बलिदानी।
– गणेश दामोदर सावरकर

मेरी नजर में कालापानी : तीर्थ स्थल

भारत के स्वतंत्रता दिवस पर एक बात याद आती है कि मेरा अंडमान निकोबार जाने का मन बहुत समय से था। कालापानी की पहले से सुनी कहानियाँ, सेलुलर जेल का भ्रमण करने पर, वहाँ के संग्रहालय में लिखी जानकारी को पढ़ कर, शब्दों में लिखी फिल्म को देख कर, मस्तिष्क की नसों की दीवारों से कभी विदा नहीं होंगी।

सेलुलर जेल की दीवार

हमने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर उसके बाद जलियाँवाला बाग काण्ड में निर्दोषों पर निर्ममता पूर्वक गोलीबारी और काकोरी काण्ड जैसी बहुत सी दानवीय अत्याचार की घटनाओं को बहुत बार सुना है। आज की पीढ़ी के लिए, बलिदानों के ये सब स्थल, तीर्थ हैं। सावरकर की उपरोक्त पंक्तियाँ पोर्ट ब्लेयर स्थित सेलुलर जेल ( Port Blair Cellular jail) की दीवार पर लिखी टंगी हैं।

अप्रतिम ऐतिहासिक संधि

इतिहास में हम थोड़ा सा पीछे चलते हैं। ब्रिटेन और पुर्तगाल के बीच 9 मई 1386 हुई विंडसर सन्धि को अप्रतिम ऐतिहासिक सन्धि माना जाता है। अक्टूबर 1943 में विंस्टन चर्चिल ने अपने भाषण में कहा था कि मित्रता की ऐसी सन्धि का मानवीय इतिहास में, विंडसर संधि का जैसा कोई उदाहरण नहीं है। इस सन्धि के तहत अंग्रेज और पुर्तगाल, एक दूसरे से बिन टकराव, दोनों एक दूसरे के उपनिवेशों में, अबाधित व्यापार कर सकते थे।

पन्द्रहवीं शताब्दी का निर्णय

इसी तरह पुर्तगाल और स्पेन ने 1494 में तोर्देसिलास की सन्धि के तहत दुनिया में इन दोनों देशों के साम्राज्य विस्तार के लिए दुनिया को बाँट लिया था। मोटे तौर पर पुर्तगाली अपनी सामुद्रिक शक्ति के साथ पूर्व यानि भारत की ओर बढ़ गये और स्पेन पश्चिम यानि दक्षिण अमेरिका महाद्वीप की ओर। पन्द्रहवीं शताब्दी का यह निर्णय आज भी अपने प्रभाव को बनाये हुए है।

संसार को निर्ममता से निचोड़ा

इन सन्धियों ने यानि यूरोपीय शक्तियों की समझ ने संसार में अपना साम्राज्य स्थापित किया। यूं कहूँ तो अतिशयोक्ति न होगी कि इन संधियों ने संसार में औपनिवेशिक नागरिकों को अमानवीय यातनाएँ दी, संसार को दोहा और निर्ममता से निचोड़ा।

तानाशाही धरती से विदा हो

आज वह परिपक्व समय है जब सोलहवीं से बीसवीं सदी में डच, फ्रांसीसियों, पुर्तगालियों, स्पेनिश, जर्मन और अंग्रेजों ने इस धरती पर जो जुल्म ढ़हाये उनकी एक एक बात को इन राष्ट्रवादी ताकतों के नाक और आँख के नीचे हर रोज रखा जाना चाहिए। ताकि एकदिन तानाशाही इस धरती से विदा हो सके।

गर्दनें हथिया लीं

अंग्रेज ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना 31 दिसंबर 1600 में हुई थी। इस कम्पनी ने पहली बार भारत की धरती पर , सूरत बंदरगाह पर अगस्त 1608 में आगमन का ऐलान किया था। ईस्ट इंडिया कंपनी को ब्रिटिश राज का पूर्ण संरक्षण मिला। ब्रिटिश राज ने ईस्ट इंडिया कम्पनी को सेना रखने की अनुमति दे दी थी। अंग्रेज ईस्ट इंडिया कम्पनी को ब्रिटिश राज द्वारा सेना रखने की अनुमति ने व्यापार के खाली दीये में तेल और जलती बाती को मशाल का स्वरूप दिया। अंग्रेजों ने मुगलों और रजवाड़ों में फूट डाल कर उनकी एक एक कर, गर्दनें हथिया लीं।

हाथ में थामे रहने का उत्सव

स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर, हजारों ही नहीं, कई लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर, आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के पोषण के सबक के साथ, आजाद जीवन की ज्वाला को दायित्व के साथ, हाथ में थामे रहने का उत्सव है।

बुझने न दिया था

आइये इस महोत्सव पर, अंग्रेजों की केवल अण्डमान में बनाई सेलुलर जेल भर में घटी अमानवीय कृत्यों और घिनोनी करतूतों की बात भी करते हैं। इस मशाल को स्वतंत्रता सेनानियों ने अमानवीय अत्याचारों को सहते हुए भी बुझने न दिया था।

जहां से कोई वापस नहीं आता

सेलुलर जेल में, भारतीय गृह विभाग के रिकॉर्ड पर आधारित एक पट्ट पर लिखा है :
काला पानी यानी अंडमान, बंदी उपनिवेश के लिए देश निकाला देने का पर्याय था कालापानी। काल संस्कृत शब्द काल से बना है जिसका अर्थ होता है समय अथवा मृत्यु अर्थात काला पानी शब्द का अर्थ मृत्यु के स्थान से है जहां से कोई वापस नहीं आता। देश निकाला के लिए, कालापानी का अर्थ बाकी बचे हुए जीवन के लिए कठोर और अमानवीय यातनाएं सहना था।


सात खण्डों का फैलाव

सेलुलर जेल एक बेजोड़ तिमंजिला इमारत है। इसके साइकल के पहिये की तीलियों के मध्य में बनी निगरानी मीनार से देखने पर, सूरज की किरणों से सात खण्डों का फैलाव दिखाई पड़ता है। इस इमारत में, साढ़े तेरह फुट लम्बी व साढ़े सात फुट लम्बी 693 कोठरियाँ हैं। एक कोठरी में केवल एक रोशनदान है। इसमें एक केन्द्रीय मीनार है। जहाँ से इन सातों खण्डों पर एक सिपाही निगरानी रख सकता है।

जहां अदृश्य लोक है

काला पानी यानी स्वतंत्रता सेनानियों की अनकही, अनगिनत यातनाओं और तकलीफों का सामना करने के लिए जीवन नर्क में भेजना जो मौत की सजा से भी बदतर था। अपनों से दूर भेजने का अर्थ होता है वह यात्रा जो मृत्यु की घड़ी तक ले जाती हो। बंदी को हमेशा के लिए उसके समाज से दूर ले जाया जाता है। उसे ऐसे स्थान पर भेज दिया जाता है जहां लोग रहते हैं पर ऐसे लोग हैं। जहाँ अदृश्य लोक है।

आज एक तीर्थ स्थल

जहाँ अति विस्मयकारी तत्व हैं। जहां के बारे में वह कुछ नहीं जानता है। जहां से वह कभी वापस नहीं आ सकता है। भारतीय क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को इस कठोर सजा के लिए काला पानी में परित्याग कर दिया गया था। किंतु इसके बदले उन्होंने इस दीप समूह को स्वर्ग बना दिया। वास्तव में यह द्वीप समूह हमारे संविधान व सत्ता संघर्ष की एक महान गाथा का प्रतिनिधित्व करता दीप है। भारतीय स्वतंत्रता के दीप की लौ कोठरियों की ईंट और पत्थरों में काल के साये में जल रही है। अतीत का भयानक कहा जाने वाला यह काला पानी आज एक तीर्थ स्थल है। इस सेलुलर जेल को शहीद स्मृति राष्ट्रीय स्मारक के रूप प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई द्वारा 11 फरवरी 1979 को इस संग्रहालय का उद्घाटन किया गया था। जेल में टंगे एक पट्ट पर लिखा है:

राज्यों में वापस भेज दिया

इस जेल में 693 कोठरियों को विशेष रूप से स्वतंत्रता सेनानियों के एकांत कारावास के लिए बनाया गया था। स्वतंत्रता सेनानियों ने सेलुलर जेल में, जेल अधिकारियों के खिलाफ काफी विद्रोह किया। आखिरकार अंग्रेज सरकार ने जेल को बंद करने का फैसला लिया और सभी राजनीतिक बंदियों को जनवरी 1938 तक रिहा कर, संबंधित राज्यों में वापस भेज दिया गया।

देशभक्ति को जिला वतन

अंडमान में बंदी उपनिवेश की स्थापना वास्तव में 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के देशभक्ति को जिला वतन करने के लिए स्थापित किया गया। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 200 स्वतंत्रता सेनानियों के पहले जत्थे के अंडमान तथा निकोबार दीपों में 10 मार्च 1858 की आगमन के साथ, बंदी उपनिवेश की शुरुआत हुई। सभी लंबी अवधि और आजीवन कारावास की सजा पाए देश भक्तों जो किसी कारणवश बर्मा और भारत में मृत्यु दण्ड से बच गए थे। उन्हें अंडमान के बंदी उपनिवेश में भेज दिया गया। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के पश्चात वहाबी विद्रोह, मणिपुर विद्रोह आदि से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य देशभक्तों को अंग्रेजी सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने की जुर्म में अंडमान के बंदी उपनिवेश भेजा गया।

बंदी उपनिवेश में जीवन

इस संग्रहालय के एक अन्य पट्ट पर लिखा है कि बंदी उपनिवेश के प्रारंभिक दिनों में स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन अत्यंत कष्टदायक था। उन्हें बिना किसी मूलभूत मूलभूत सुविधाओं के अंडमान भेज दिया गया था। बंदी उप निवेश की मूलभूत आवश्यक सामग्री स्वतंत्रता सेनानियों के पहुंचने के 10 दिनों के बाद प्राप्त हुई थी। उन दिनों इन देशभक्तों को अस्थाई रूप से बने पत्थर की चट्टान और चटाइयों से बनी बैठकों में रखा जाता था।

वाइपर द्वीप में जेल

बंदी उपनिवेश के पहले अधीक्षक डॉक्टर जे पी वाकर ने बंदियों से निपटने के लिए अत्यंत क्रूर तरीके अपनाए। जेल नियमों के उल्लंघन करने वालों के लिए विभिन्न तरीके के बनाए गए। जैसे काल कोठरी लॉकअप व बैंत से पीटना आदि कुछ अन्य प्रकार की सजा जिसे ‘चैन गैंग’ कहा जाता था, शुरू किया गया। जिसमें बंदियों को एक ही जंजीर के साथ बांध कर, दिन में काम के समय तथा रात में रखा जाता था। इन सभी तरीकों को प्रभावशाली बनाने के लिए 1864 से 1867 में वाइपर द्वीप में एक जेल का निर्माण किया गया।

कठिन कार्य करते थे बंदी

अंडमान में बंदियों को कठिन से कठिन कार्य में लगाया जाता था। उन्हें खराब मौसम में 9 घंटे तक काम करना होता था। भोजन, आश्रय और कपड़ों के प्रबंध पर्याप्त नहीं हुआ करते थे। सन 1874 के अंडमान के और निकोबार मैनुअल के अनुसार बंदियों को काले पानी भेजने का अर्थ होता था बंदी को कड़ी मेहनत के साथ अनुशासन में रखना और उतना ही भोजन उपलब्ध कराना जितना स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हो।

बंदी दम तोड़ने लगे

स्वास्थ्य सुविधाओं की अनुपस्थिति, अ-पर्याप्त भोजन और अस्वस्थ वातावरण के कारण बंदी विभिन्न बीमारियों जैसे मलेरिया पेचिश और निमोनिया आदि से दम तोड़ने लगे। इस कष्टदायक स्थिति से छुटकारा पाने के लिए कुछ बंदियों ने उपनिवेश छोड़ कर भागने का प्रयत्न किया, लेकिन वे पकड़े गए। उन सबके साथ बहुत क्रूर व्यवहार किया गया। आरंभ के दो महीनों में 228 बंदी उपनिवेश से भाग निकले। उनमें से 88 बंदी पकड़े गए। इन बंदियों में से एक को माफी दे दी गई। एक पर मुकदमा नहीं चलाया गया। अन्य 140 पकड़े नहीं जा सके। पकड़े गए 86 बंदियों को एक ही दिन फांसी पर लटका दिया गया था।

‘अबर्डीन का युद्ध’

बंदी उपनिवेश में बंदियों के समूह पर, आदिवासियों द्वारा हमेशा आक्रमण होता रहता था। इसके कारण बहुत संख्या में बंदी मारे जाते। बाद में योजनाबद्ध ढंग से ग्रेट अंडमानियों ने अंबर्डीन बंदी बस्ती पर 17 मई 1859 को आक्रमण किया। इस युद्ध को ‘अबर्डीन का युद्ध’ कहा गया। उन दिनों बंदी उपनिवेश में ऐसे कैदी भी थे जो अंग्रेजों के सख्त खिलाफ थे। उनमें से एक बंदी शेर अली ने लॉर्ड मेयो की 8 फरवरी 1872 को हत्या कर दी थी। लॉर्ड मेयो उस समय भारत के वायसराय की हैसियत से अंडमान के सरकारी दौरे पर थे।

सेलुलर जेल में अत्याचार

कैदियों की कोठरियों को सुबह छ: बजे खोला जाता था। उन्हें नहाने नहीं दिया जाता था। मामूली नाश्ता देकर कोल्हू से पच्चीस सेर तेल निकालने का काम और पन्द्रह सेर रामबास कूटने का काम दिया जाता था।
शाम को पाँच बजे कोठरियों में बंद कर दिया जाता था। कैदियों के लैट्रिन व बाथरूम के लिए कोठरी में एक टिन का डिब्बा रख दिया जाता था। मच्छरों से बचाव का कोई साधन नहीं था। जेलर बहुत ही निर्दयी और अत्याचारी प्रवृत्ति का था।

डण्डों से मार-मार कर प्राण ले लेते थे

जेलर ने कुछ क्रिमिनल कैदियों को पाल रखा था। अगर कोई बंदी जेलर की बात नहीं मानता था तो उस बंदी को एक कोठरी में, इन क्रिमिनल कैदियों को सौंप दिया जाता। ये उसको डण्डों से मार मार कर प्राण ले लेते थे।

टाट की बोरी के कपड़े

एक पट्ट पर लिखा है कि सेलुलर जेल में राजनैतिक बंदियों को जो काम दिये जाते थे वे अत्याचारों का ही एक रूप हुआ करते थे। राजनैतिक बंदियों को रोजाना 30 पौंड नारियल का तेल या 10 पौंड सरसों का तेल निकालना होता था, जो किसी की भी क्षमता से परे था। परंतु जो बंदी निश्चित समय सीमा में काम पूरा नहीं कर पाते थे, उन्हें लोहे के तिकोने फ्रेम पर लटका कर बैंत से पीटा जाता था। टाट की बोरी के कपड़े पहनने को दिये जाते। उन्हें बेड़ियों में जकड़ा जाता और असंतुलित भोजन दिया जाता। उन्हें एक सप्ताह की हथकड़ी से लेकर छः माह तक की काल कोठरी तक की सजा दी जाती।

संघर्ष जारी रख रहे थे

दीवार में लगे लोहे के कड़े में बंदियों के हाथ बांध दिये जाते। इसे खड़ी हथकड़ी कहा जाता। नियमानुसार आठ घंटे, लेकिन अधिकारियों की मनमानी से लम्बे समय तक भी बंदियों को खड़ी हथकड़ी में खड़े रहना पड़ता था। ये राजनैतिक बंदी असह्य वातावरण से जूझते हुए और जेल अधिकारियों के अत्याचारों को झेलते हुए अपने संघर्ष को जारी रख रहे थे।

नेताजी ने किया था जेल का दौरा

यह वह समय था बंदियों की नयी पीढ़ी अर्थात क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी या जिन्हें राजनैतिक बंदी कहा जाता था। उन्होंने ने ही सेलुलर जेल में कदम रखे थे। कुछ क्रांतिकारियों के नाम- विनायक दामोदर सावरकर, जयदेव कपूर, होतीलाल वर्मा, बटुकेश्वर दत्त, बाबू राम हरि, नानीगोपाल मुखोपाध्याय, सरदार गुरमुख सिंह, पंडित परमानंद, टी सच्चिदानन्द शिवम, टी चक्रवर्ती, डॉ गयाप्रसाद कटियार, बिश्वनाथ माथुर, बांगेश्वर राय और नंदगोपाल चौपड़ा आदि हैं। सभी के नाम लिखना सम्भव नहीं है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने भी सेलुलर जेल का दौरा किया था।

पोषण करने का महत्वपूर्ण दायित्व

इस तरह बहुत से राजनैतिक बंदियों ने अपने जीवन के सुनहरे दिन भारत की स्वतंत्रता के लिए सेलुलर जेल में बिताये। आज की ओर आगे आने वाली पीढ़ियों को अपने बुजुर्गों के बलिदान को याद रखने और आजादी की कीमत समझने व स्वतंत्रता का पोषण करने का महत्वपूर्ण दायित्व है।

बर्बरता व अमानवीय व्यवहार

जर्मनी चांसलर सितंबर 1951 में, दूसरे विश्वयुद्ध और यहूदियों पर ढ़ाये अत्याचारों के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा माँगी ली थी, ताकि पुराने न पड़ने वाले घावों पर मरहम लगाया जा सके। इसी क्रम में डच सरकार ने और वहाँ के राजा ने पिछली सदियों में की गई बर्बरता व अमानवीय व्यवहार के लिए अफ्रीकी गुलामों के व्यापार, इण्डोनेशिया, सूरीनाम में दासप्रथा आदि अमानवीय कृत्यों के लिए क्षमा माँग चुके हैं।

आज की पीढ़ी भी सीख ले

अंग्रेजों के देखादेखी डच ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना हुई थी। इनके गुलामों के कारनामों के काले अध्याय से आज की पीढ़ी भी सीख ले। इसके लिए नीदरलैंड्स में इन डच काले कारनामों का संग्रहालय बनाया गया है। कभी अपने साम्राज्य में सूरज न छुपने के कारण ही आज भी ‘ग्रेट ब्रिटेन’ नाम को उपयोग में लिया जा रहा है, लेकिन इस सूरज न छुपने वाले साम्राज्य, अंग्रेजों की ऐतिहासिक निर्दोषों की बड़े पैमाने पर हत्याओं,. दुर्दांत यातनाओं और घिनौनी करतूतों के लिए, ग्रेट ब्रिटेन के क्षमा याचना का समय कभी नहीं आयेगा यदि उन्हें उनके किये को बार बार याद दिलाकर, उनसे माफी माँगने के लिए न कहा जायेगा। हमारे हाथ में, स्वतंत्रत जीवन की दीपशिखा, थमाने वाले अनगिनत सेनानियों के बलिदान को नमन ! जय हिंद!

प्रवासी भारतीय लेखक रामा तक्षक : एक नजर

प्रवासी भारतीय साहित्यकार रामा तक्षक का जन्म भारत के राजस्थान प्रदेश के अलवर जिले में एक छोटे से गांव जाट बहरोड के सामान्य परिवार में 8 दिसंबर 1962 को हुआ। वे अब तक लगभग तीस देशों की यात्रा कर चुके हैं। उनके आलेख भारत की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं। उन्होंने सन 1983 में, छात्र जीवन में ही तृतीय विश्व हिंदी सम्मेलन, दिल्ली में भी भाग लिया था। उन्हें भारत की विभिन्न भाषाओं के साथ-साथ, इटालियन और डच भाषा का भी अच्छा ज्ञान है।
इटालियन और डच भाषा से हिंदी में अनुवाद का काम भी करते हैं। इन भाषाओं के हिंदी अनुवाद विश्वरंग व अन्य पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। रामा तक्षक साझा संसार, नीदरलैंड साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच के संस्थापक व अध्यक्ष हैं। वहीं भारतीय ज्ञानपीठ, विश्व रंग और वनमाली सृजन पीठ के साथ मिलकर ‘साहित्य का विश्व रंग’ ऑनलाइन आयोजन करते रहे हैं। विगत वर्षों में, इस आयोजन के माध्यम से आपने लगभग पांच सौ प्रवासी भारती रचनाकारों को इस मंच से जोड़ा है। उनके उपन्यास ‘हीर हम्मो’ को राजस्थान साहित्य अकादमी का प्रभा खेतान पुरस्कार मिला है।

Hindi News/ world / भारत को आजाद हुए 77 बरस हुए, अंग्रेज अपने दुर्दांत कर्मों की माफी कब माँगेंगे ?अलवर के NRI का दर्द

ट्रेंडिंग वीडियो