
सितंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में दिल्ली की होस्पिटेलिटी इंडस्ट्री अपने अब तक के सबसे व्यस्त और सबसे हाई-प्रोफाइल दौर के लिए तैयार हो रही है। ये तैयारी है 9 और 10 सितंबर को राजधानी में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में आने वाले नेताओं के आतिथ्य सत्कार की। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और बहुपक्षीय संस्थाओं जैसे आइएमएफ, विश्व बैंक आदि के प्रमुख भारत आ रहे हैं। दुनिया के शीर्ष देशों के राष्ट्रप्रमुखों के साथ ही इन देशों के राजनीतिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों भी उनके साथ आएंगे। इसके चलते सितंबर के पहले सप्ताह से ही मध्य और दक्षिण दिल्ली और एयरोसिटी में होटल पूरी तरह से बुक हो गए हैं। अपने राष्ट्र के हाई प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडल के लिए उपयुक्त होटल और उसकी सुरक्षा जांच से जुड़ी चिंताओं के चलते संबंधित देशों के दूतावास एक सप्ताह पहले से बुकिंग कर रहे हैं। साथ ही सभी पांच और चार सितारा होटलों की टीमें भी आने वाले गणमान्य मेहमानों को यादगार मेजबानी का अनुभव प्रदान करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।
दामों में 400 फीसदी का इजाफा
इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि जी20 शिखर सम्मेलन की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजधानी दिल्ली के सभी फाइव स्टार होटलों में 100% बुकिंग देखने को मिल रही है, जबकि कमरों के किराए में 400 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी हुई है। उदाहरण के तौर पर सितंबर माह के लिए आरंभिक दो सप्ताह के लिए ली मेरेडियन में एक कमरे का किराया 60,000 रुपए रोजाना तक हो गया है, जबकि यही रूम अगस्त में 15,000 रुपये से भी कम में उपलब्ध है। इतना ही नहीं, थ्री और फोर स्टार होटलों के किराए में भी बढ़ोतरी हुई है। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि, यह डिमांड-सप्लाई का मसला है। डिमांग काफी ज्यादा बढ़ गई है, जबकि सप्लाई पहले जैसी है।
बाइडन, जिनपिंग, सुनक लेंगे बैठक में हिस्सा
जी-20 की वेबसाइट के अनुसार, 18वें जी20 समिट का आयोजन राजधानी दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के नवनिर्मित कन्वेंशन कॉम्प्लेक्स भारत मंडपम में 9 और 10 सितंबर को होगा। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
दिल्ली पुलिस कर रही अतिरिक्त वाहनों का इंतजाम
जी-20 बैठक में सुरक्षा और अन्य चीजों को लेकर दिल्ली पुलिस की अहम भूमिका होने वाली है, लेकिन इतने बड़े आयोजन की सुरक्षा के लिए पुलिस महकमे के पास पर्याप्त गाड़ियां ही नहीं हैं। इसलिए, दिल्ली पुलिस ने अपने उन अधिकारियों को तलब किया है, जिनके पास पुलिस की गाड़ियां काफी समय से लगी हुई हैं। उनसे जल्द गाड़ियां वापस भेजने को कहने के साथ ही ऐसी गाड़ियों को पेट्रोल-डीजल देना बंद करने को कहा गया है। ये आदेश उन गाड़ियों के लिए है जो जिस जिले या विभाग में अलॉट की गई थीं, वे वहां न चलकर कहीं और इस्तेमाल की जा रही हैं।
मेहमान 8 सितम्बर तक पहुंचेंगे, ऑनलाइन चलेंगे स्कूल
9 सितंबर से शुरू हो रहे सम्मेलन के लिए 8 सितम्बर तक सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि मंडल एवं इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच जाएंगे। सूत्रों की मानें तो, कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में 5 दिनों तक आम वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, 8 से 10 तक चलने वाले G-20 समिट के दौरान शनिवार और रविवार पड़ रहे हैं। वहीं 7 को जन्माष्टमी है। ऐसे में यह योजना बनाई जा रही है कि 6 से ही पाबंदियां लागू की जाएं, जो सोमवार तक जारी रहेगी। लोगों की असुविधाओं के मद्देनजर, इस दौरान सभी कार्यालयों और स्कूलों को ऑनलाइन काम करने के लिए भी कहा जा सकता है।
अगस्त के अंतिम सप्ताह में है बिजनेस मीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 से 27 अगस्त तक जी-20 की बिजनेस मीट बी-20 भी दिल्ली में होने जा रही है। इसके लिए सबसे बड़े बिजनेस लीडर राजधानी में होंगे। जिनकी मेजबानी के लिए दिल्ली के कई होटल पहले ही बुक किए जा चुके हैं। इस तरह से असल में अगस्त के अंतिम सप्ताह में ही सितंबर की तैयारियों के झलक दिख जाएगी।
भारत टॉप सर्च डेस्टिनेशन्स में शामिल
जानकारों का कहना है कि इस शिखर सम्मेलन के जरिए भारत दुनिया के पर्यटन मैप पर आ जाएगा। कई बुकिंग वेबसाइट्स का कहना है कि इस सम्मेलन के लिए इतनी बड़ी मात्रा में मेहमान दिल्ली आ रहे हैं कि दिल्ली पहले ही 5 टॉप सर्च डेस्टिनेशन्स में शामिल हो गया है। होटल इंडस्ट्री भी इसके लिए खास तैयारी कर रही है। मेहमानों के लिए विशेष रूप से इंडियन थाली के साथ होटल की साज-सज्जा और आव-भगत को भारतीय रंगत देने की तैयारी है।
होटलों की बुकिंग में भारी बढ़ोतरी
राजधानी दिल्ली के ज्यादातर प्रीमियम होटलों में सितंबर के पहले सप्ताह से 11 सितंबर तक की बुकिंग पहले से ही फुल है। इन होटलों में ताजमहल, ताज पैलेस, आईटीसी मौर्या शेरेटन, ली मेरिडियन, शांग्रीला, द ललित, इंपीरियल , ओबेरॉय और लीला आदि 35 होटल शामिल हैं, जो पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। इसके अलावा जी-20 गतिविधियों की वजह से दिल्ली के अन्य होटलों में भी बुकिंग पहले ही बढ़नी शुरू हो गई है। जानकारों के अनुसार, सभी प्रीमियम होटलों में तो किराए की दरें दोगुनी हो गई हैं, जबकि कई जगहों पर कमरों के किराये में 4 गुना तक की बढ़ोतरी हुई है। जी-20 की वजह से दिल्ली में होटल ऑक्युपेंसी एक दशक के हाई लेवल (70-72 पर्सेंट) पर है। अन्य होटलों की बुकिंग में भी पिछले महीने के मुकाबले 30-50 पर्सेंट की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
Published on:
20 Aug 2023 10:09 pm

बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
