
दिवाली के अगले दिन से ही शहर में पर्यटकों की रौनक दिखनी शुरू हो चुकी है। पर्यटन स्थलों पर सुबह से लेकर शाम तक भीड़ देखी जा रही है। शहर में पर्यटकों की वजह से होटल फुल हैं। इन दिनों देसी पर्यटक ज्यादा आए हैं, इनमें गुजराती पर्यटकों की संख्या अधिक है। विदेशी पर्यटक भी हैं, लेकिन देसी पर्यटकों के मुकाबले उनकी संख्या फिलहाल कम है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े गाइड, व्यापारी, टैक्सी व होटल संचालकों की मानें तो दिवाली के उल्लास के साथ पर्यटकों की रेलमपेल से उत्साह भी बढ़ गया है। वहीं, पर्यटन विभाग की ओर से शहर के प्रमुख 4 पर्यटन स्थलों पर लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हो रही हैं।
दिवाली से पहले आने वाले कुछ गुजराती पर्यटकों ने दिवाली से पहले व दिवाली की रात को बापू बाजार की रोशनी का आनंद लेते हुए खरीदारी की। हालांकि अधिकतर गुजराती पर्यटक दिवाली व खैंखरा नाथद्वारा में मनाकर पहुंचे। दरअसल, गुजरात के पर्यटक नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन करते हैं और फिर उदयपुर व आसपास के पर्यटन स्थलों पर घूमने निकलते हैं। ऐसे में पर्यटकों की रेलमपेल कांकरोली स्थित द्वारिकाधीश मंदिर, कैलाशपुरी स्थित एकलिंगजी मंदिर के अलावा कुंभलगढ़ में भी नजर आ रही है।
लाभ पंचमी तक पर्यटन स्थल रहेंगे गुलजार
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल फतहसागर, पिछोला, सिटी पैलेस, सहेलियों की बाड़ी, सुखाडिय़ा सर्कल, मोतीमगरी आदि सुबह से ही पर्यटकों से आबाद दिखाई दे रहे हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि अभी सीजन स्टार्ट हुआ है और देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ अच्छी है। छुट्टियां होने से लाभ पंचमी तक पर्यटन स्थल इसी तरह आबाद रहने वाले हैं।
पर्यटकों की संख्या पर दिखा चुनावी और क्रिकेट वर्ल्ड कप का असर
उदयपुर हर साल दिवाली पर पर्यटकों से पैक रहता है और शहर के कई अंदरूनी रास्ते जाम हो जाते हैं। लेकिन, इस बार पर्यटकों की संख्या पर असर दिखा है। पर्यटन व्यवसायियों के अनुसार, इस बार पिछले साल से कम पर्यटक हैं, जिसका कारण चुनावी असर है। दरअसल, चुनावों के कारण हर जगह चैकिंग की जा रही है। कई बार पर्यटकों को बेवजह परेशान होना पड़ता है। इसके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल अहमदाबाद में ही होने वाला है तो गुजरातियों का इस ओर भी रुझान अधिक होने से शहर में आने वाले पर्यटकों पर असर दिख रहा है।
Updated on:
14 Nov 2023 11:34 pm
Published on:
14 Nov 2023 11:33 pm

बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
