scriptझमाझम बरसात: दो घंटे में तीन इंच से अधिक बरसा पानी, सड़कें बनी दरिया, दुकानों-घरों में पानी घुसा | Rain in tonk Today Weather update Rajasthan | Patrika News
टोंक

झमाझम बरसात: दो घंटे में तीन इंच से अधिक बरसा पानी, सड़कें बनी दरिया, दुकानों-घरों में पानी घुसा

Tonk Rain टोंक शहर में सुबह 8 बजे से ही बादल छा गए। आधे घंटे बाद शुरू हुआ बरसात का दौर साढ़े 10 बजे तक जारी रहा। झमाझम हुई बरसात से पुरानी टोंक क्षेत्र में कई बाइक और घर व दुकानों के बाहर रखा सामान बह गया।

टोंकJul 14, 2024 / 06:25 pm

Kamlesh Sharma

Tonk Rain : टोंक शहर में सुबह 8 बजे से ही बादल छा गए। आधे घंटे बाद शुरू हुआ बरसात का दौर साढ़े 10 बजे तक जारी रहा। झमाझम हुई बरसात से पुरानी टोंक क्षेत्र में कई बाइक और घर व दुकानों के बाहर रखा सामान बह गया। कालीपलटन क्षेत्र के घरों में पानी भर गया। बरसात थमने के बाद आधा घंटे बाद भी पानी निकास नहीं हो पाया। ऐसे में सड़कें दरिया बनी रही। लोगों को भारी बरसात से जहां गर्मी से राहत मिली। वहीं पानी घरों में भरने से लोग परेशान हो गए।
इसका मुख्य कारण नगर परिषद की ओर से मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम पर ध्यान नहीं देना है। शहर के कदमी नालों पर लोगों ने अतिक्रमण कर पक्के निर्माण कर लिए हैं। वहीं बरसात के पानी के निकास का मुख्य मार्ग और तालाब का कैचमेंट एरिया में अब कॉलोनियां बन गई है। नगर परिषद कैचमेंट एरिया पर पहले ध्यान देती तो आज महज दो घंटे की बरसात में ही लोग परेशान नहीं होते। इसकी शिकायत लोगों ने रविवार को टोंक आए जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर से भी की है।
यह भी पढ़ें

रातभर बरसे मेघ… नदी नाले उफान पर, दर्जनों गांवों के मार्ग हुए बंद

इधर, जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा के निर्देश पर नगर परिषद आयुक्त ममता नागर शहर का निरीक्षण किया। कलक्टर ने पानी निकास में अवरोधक तथा अतिक्रमण हटाने को कहा है। वहीं गणेती गांव राउमा विद्यालय में पानी भर गया। सीडीइओ पन्नालाल बैरवा ने स्कूल का निरीक्षण किया। इसमें सामने आया कि विद्यालय भवन व विद्यार्थियों की सुरक्षा को खतरा है।
यह भी पढ़ें

लाइफलाइन बीसलपुर बांध पर मेघ हुए मेहरबान… एक ही रात में आ गया इतना पानी

82 एमएम हुई बरसात

सिंचाई विभाग के मुताबिक शहर में सुबह दो घंटे में 82 एमएम बरसात दर्ज की गई। इससे पहले रात को टोंक तहसील क्षेत्र में 15 एमएम बरसात दर्ज की गई। जिले में अब तक 294.04 एमएम यानी 47.48 प्रतिशत बरसात हो चुकी है। जबकि बरसात का वार्षिक औसत 619.32 एमएम है।

Hindi News/ Tonk / झमाझम बरसात: दो घंटे में तीन इंच से अधिक बरसा पानी, सड़कें बनी दरिया, दुकानों-घरों में पानी घुसा

ट्रेंडिंग वीडियो