तेज हवा से उड़ा होर्डिंग, हादसे का खतरा
जिला मुख्यालय पर शाम को तेज हवा के साथ हुई बारिश से कई लोगों के सामान उड़ गए तो कुछ होर्डिंग फट गए। इस दौरान आलनपुर मण्डी रोड स्थित यूनिपोल पर लगा एक होर्डिंग हवा में लहरा गया। इस दौरान इसके गिरने के डर से लोग यहां से बचकर निकले। वहीं अचानक हुई बारिश से राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई लोग भीगते हुए घर निकले तो कुछ ने बारिश से बचने को दुकानों एवं अन्य स्थानों की शरण ली।
कई कॉलोनियों में हुई जलभराव की समस्या
देर शाम तक झमाझम बारिश से कई कॉलोनियों में जलभराव की समस्या हो गई। ऐसे में वाहन चालकों व राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कत हुई। वहीं कई जगह सड़कों पर बने गड्ढों में बरसाती पानी भरने से लोग परेशान होते नजर आए।
तापमान में आई गिरावट
इन दिनों बदल रहे मौसम के मिजाज से अब दिन व रात के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। करीब चार दिन पहले दिन का तापमान में 42 से अधिक था। वह अब लुढककर 38 डिग्री पर आ पहुंचा है। जिला मुख्यालय पर सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।