scriptकच्चा बांध बनाकर पानी सप्लाई की व्यवस्था, टेंडर के बाद शुरू होगा पिलर सुधार का काम | Patrika News
खास खबर

कच्चा बांध बनाकर पानी सप्लाई की व्यवस्था, टेंडर के बाद शुरू होगा पिलर सुधार का काम

नए इंटकवेल के पिलर के साथ होंंगे अन्य कार्य, नहीं हो पा रही समुचित जलापूर्ति

शाहडोलOct 09, 2024 / 05:14 pm

Ramashankar mishra

शहडोल. नगर में समुचित जलापूर्ति जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर नगर पालिका ढुलमुल रवैया अपना रही है। नए इंटेकवेल के पिलर बहे हुए लगभग 45 दिन बीत चुके हैं और अभी भी नगर पालिका टीएस, टेंडर व अन्य प्रक्रियाओं में उलझी हुई है। अभी भी नगर के कई हिस्सों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कुछ हिस्सों में कभी मटमैला पानी तो कभी कुछ समय के लिए जलापूर्ति हो पा रही है। इसके बाद भी नगर पालिका यही दंभ भर रही है कि पूरे शहर में पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है।
इंटेकवेल की इस गंभीर समस्या के त्वरित समाधान की बजाय नपा का अमला मिट्टी बंधान से काम चला रहा है। इस बीच पुराने इंटेकवेल में भी कोई समस्या आई तो शहर वासियों के सामने विकट स्थिति निर्मित हो जाएगी। इससे निपटने नगर पालिका के पास भी कोई ठोस विकल्प नहीं है।

15 एमएलडी क्षमता के दो इंटेकवेल
जानकारी के अनुसार सरफा में 15 एमएलडी के दो इंटेकवेल हैं। इन्ही के माध्यम से जल शुद्ध कर शहर में पानी सप्लाई की जाती है। इसमें एक 7 एमएलडी का पुराना व 8 एमएलडी का नया इंटेकवेल बना हुआ है। अगस्त में हुई तेज बारिश के बाद नए इंटेकवेल के 7 पिलर बह गए थे। इससे पानी न रुक पाने की वजह से नए इंटेकवेल से जलापूर्ति प्रभावित हो गई थी। नपा ने पुराने इंटेकवेल से जोडकऱ शहर में जलापूर्ति की व्यवस्था बनाई थी। अब जब जलस्तर कुछ कम हुआ है तो मिट्टी व अन्य सामग्री से कच्ची बंधान बनाकर पानी रोका गया है और जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है।

टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा काम
नगर पालिका की माने तो पिलर निर्माण के साथ ही अन्य कार्य के लिए तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। टेंडर होने के बाद पिलर निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रक्रिया में अभी लगभग 15 दिन का और समय लगेगा। इसके बाद ही सरफा इंटेकवेल में सुधार कार्य प्रारंभ हो पाएगा। ऐसे में एक माह से ज्यादा समय बीत जाएगा। शहर में समुचित जलापूर्ति व गंदा पानी आने से लोग अभी से परेशान हैं।

इनका कहना है
इंटेकवेल के पिलर निर्माण के साथ ही अन्य छोटे कार्य कराए जाने है। अभी तक बंधान बनाकर जलापूर्ति की जा रही है। टेंडर के बाद कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
शरद द्विवेदी, उपयंत्री नगर पालिका शहडोल

Hindi News / Special / कच्चा बांध बनाकर पानी सप्लाई की व्यवस्था, टेंडर के बाद शुरू होगा पिलर सुधार का काम

ट्रेंडिंग वीडियो