
राजस्थान में यहां हाकिम का निरीक्षण बेअसर, सरकारी अस्पताल में लपका राज
जिले के सबसे बड़े अधिकारी का निरीक्षण और सबसे बड़ा अस्पताल फिर भी व्यवस्था बेपटरी। सुनने में भले ही अजीब लगे लेकिन ये हकीकत है। जिम्मेदारों की अनदेखी का दंश मरीजों सहित आम आदमी को भुगतना पड़ रहा है। निरीक्षण के बाद भी अस्पताल में बिना रोक-टोक लपके घूम रहे हैं। जिससे रोजाना हजारों मरीजों की आवाजाही वाले अस्पताल में व्यवस्थाएं बेपटरी हो जाती है। ये लपके अस्पताल में भर्ती मरीजों को रेफर करवाकर निजी अस्पतालों में ले जाते हैं वहीं कई तो निजी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों को केवल निशुल्क जांच करवाने के लिए सरकारी अस्पताल अस्पताल में भर्ती करवाते हैं। जांच होने के बाद मरीज को वापस ले जाते हैं। हालांकि जिला कलक्टर ने लपकों पर कार्रवाई करने के लिए जिला स्तरीय अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी थी।
108 के चालकों ने संभाली कमान
निजी एम्बुलेंस यूनियन की ओर से हड़ताल को देखते हुए एम्बुलेंस 108 यूनियन ने कमान संभाल ली है। एम्बुलेंस 108 के जरिए कल्याण अस्पताल से रोजाना एक दर्जन से ज्यादा रेफर केस निशुल्क ले जा रहे हैं। इससे न केवल गंभीर मरीजों को आर्थिक फायदा हो रहा है। वहीं मरीजों को वेंटीलेटर व जीवन रक्षक उपकरणों का फायदा हो रहा है। वहीं कुछ एम्बुलेंस चालकों ने रेफर मरीजों को ले जाने का तरीका बदल लिया है। कई निजी एम्बुलेंस चालक कृषि उपज मंडी, नवलगढ़ रोड और फतेहपुर रोड तक परिजनों को दूसरे वाहन में लाते हैं और वहां से ये एम्बुलेंस चालक मरीज को दूसरी जगह लेकर जा रहे हैं।
पार्किंग बनी परेशानी
कल्याण अस्पताल परिसर के दोनो गेट के बाहर हर समय डेढ़ दर्जन से एम्बुलेंस खड़ी रहती है। बिना अनुमति के बने इस स्टैंड के कारण वहां हर समय जाम की स्थिति बनी रही है। वहीं मरीजों को लेकर आने वाले टैक्सी या अन्य वाहन बीच में रुक कर सवारी उतारते हैं। जिससे शहर के अन्य लोगों को खासी परेशानी होती है। वहीं मरीज को लेकर आने वाले को अन्दर आने पर पार्किंग शुल्क देना पड़ता है।
इनका कहना है
अस्पताल में चिकित्सा सुविधा के बावजूद भर्ती मरीज के रेफर होने के मामलों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा बिना कारण ट्रोमा यूनिट और वार्ड में बिना कारण घूमने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. महेन्द्र कुमार, अधीक्षक कल्याण अस्पताल
Published on:
02 Sept 2022 11:36 am

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
