
जीतू पटवारी ने ओबीसी आरक्षण को रोकने 100 करोड खर्च करने का आरोप लगाया
Jai Bapu, Jai Bheem, Jai Samvidhaan Yatra: आज गुरुवार, 23 जनवरी कांग्रेस की 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा' मध्य प्रदेश के शाजापुर पहुंची। यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक जनसभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार को वादाखिलाफी, कर्ज की बढ़ती समस्या और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा। पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा करने में असफल रहती है। यही नहीं, पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 'मुख्यमंत्री का एक ही काम बचा है-अधिकारियों की रोज मीटिंग लेना और 5000 करोड़ का कर्ज लेना।' कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान कई अन्य मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा।
जीतू पटवारी ने किसानों और महिलाओं के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए वादों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 'सरकार ने गेहूं के लिए ₹2700 और धान के लिए ₹3100 प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन यह पूरा नहीं हुआ। महिलाओं को ₹3000 की आर्थिक सहायता और ₹450 में गैस सिलेंडर देने का भी वादा किया गया था, जो आज तक हकीकत नहीं बन सका।' जीतू पटवारी ने मोदी सरकार पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 'पिछले 10 सालों में भाजपा नेताओं की संपत्ति तेजी से बढ़ी है, जबकि आम जनता कंगाल हो गई है।' उन्होंने कहा कि भाजपा का हर वादा महज चुनावी जुमला बनकर रह गया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर हमला बोलते हुए पटवारी ने कहा कि सरकार का मुख्य काम अब केवल कर्ज लेना रह गया है। उन्होंने दावा किया कि रिजर्व बैंक ने राज्य को और कर्ज देने से मना कर दिया है। अब मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाना पड़ेगा। पटवारी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार खुद ₹261 लाख करोड़ के कर्ज में डूबी है। इसके चलते हर नागरिक पर औसतन ₹70,000 का कर्ज हो गया है।
पटवारी ने मंत्री इंद्र सिंह परमार और पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अब कानून-व्यवस्था के बजाय जुआ और सट्टा चलाने वालों की रक्षा में जुटी है। भाजपा के मंत्री केवल लाल डायरी और पैसों की उगाही में लगे हैं।
Published on:
23 Jan 2025 05:35 pm

बड़ी खबरें
View Allशाजापुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
