रंग- बिरंगी रोशनी से जगमग हुए होटल
सवाईमाधोपुर. नव वर्ष के स्वागत और विदा लेते साल का जश्न मनाने के लिए आए सैलानियों ने बाघों की नगरी में डेरा डाल लिया है। इनकी खातिर को पर्यटन व्यवसायियों ने खासे इंतजाम किए हैं। होटल व रेस्टोरेंट लकदक रोशनी से सज गए हैं। इधरए शहर के लोग भी जश्न की तैयारियों में पीछे नहीं है। गली- मोहल्लोंं में डीजे के साथ खान-पान के प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। अब सब को शुक्रवार रात का बेसब्री से इंतजार है।
ऑनलाइन बुकिंग फुल
रणथम्भौर में नए साल का क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नए साल पर पर्यटकों ने जंगल सफारी की ऑनलाइन बुकिंग करीब एक माह पूर्व ही कर ली थी। वहीं करंट ऑनलाइन बुकिंग को लेकर मारामारी चल रही है।
चार हजार से अधिक पर्यटक जाएंगे भ्रमण पर
जानकारी के अनुसार करीब चार हजार से अधिक पर्यटक नए साल पर पार्क भ्रमण पर जाएंगे। वहीं पर्यटकों के स्वागत के लिए वन विभाग तैयारियों में जुटा है।
होटलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
नए साल की पूर्व संध्या पर रणथम्भौर रोड स्थित होटलों में डांसए खेलकूद व कैम्प फायर आदि कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं कई होटलों में नए साल को यादगार बनाने के लिए कलाकार बुलाए जाएंगे।
त्रिनेत्र के दर पर भी उमड़ेगें श्रद्धालु
वहीं साल को विदा करने और नए साल में सुख समृद्धि की कामना करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रणथम्भौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेगे और परिवार की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। हालांकि श्रद्धालुओं की बड़ी तादाद कोदेखते हुए त्रिनेत्र गणेश मंकदिर पर लगने वाले जाम को देखते हुए प्रशासन की ओर से चौपहिया वाहनों को गणेश मार्ग पर ही रोका जाएगा।
इनका कहना है.....
नए साल पर रणथम्भौर में करीब 4 हजार से अधिक पर्यटकों के भ्रमण पर जाने की संभावना है। पर्यटकों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
-महेन्द्र शर्मा, उपवन संरक्षक, रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर।