
सवाईमाधोपुर. योजना के तहत लाभांवित हुए किसानों के साथ सवाई माधोपुर विधायक दानिश अबरार।
सवाईमाधोपुर. केन्द्र सरकार द्वारा लघु एवं सीमान्त कृषकों को जिनके पास दो हेक्टेयर या दो हेक्टेयर से कम भूमि हो उनको एक वर्ष में 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिला स्तर पर रविवार को कृषि विज्ञान केन्द्र करमोदा में समारोह पूर्वक आगाज हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सवाई माधोपुर विधायक दानिश अबरार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम गंगापुर सिटी राजनारायण शर्मा, सीईओ जिला परिषद रामचंद्र मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक दानिश अबरार ने योजना से लाभांवित होने वाले किसानों का माला पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने अन्नदाता किसानों की दशा सुधारने के लिए कृषि तकनीक एवं उन्नत किस्म का उपयोग करते हुए अधिक पैदावार लेने की बात कही। उन्होंने कृषक ऋण माफी योजना के तहत जिले के किसानों की ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरण की प्रगति भी बताई। सवाई माधोपुर विधायक ने बताया कि कृषक दुघर्टना बीमा योजना की राशि को 6 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए कर दी गई है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योजना के गोरखपुर से किए गए आगाज का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में एडीएम राजनारायण शर्मा ने कहा कि किसानों को आर्थिक सम्बल प्रदान करने वाली इस योजना में केन्द्र सरकार द्वारा लघु एवं सीमान्त कृषकों को एक वर्ष में 6 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
6 हजार की आर्थिक सहायता की यह राशि दो-दो हजार रुपए की तीन किश्तों में किसानों को दी जाएगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषकों को अपने नजदीकी ई-मित्र पर जाकर 25 रुपए का शुल्क जमा करवाकर, जमाबंदी, आधार नम्बर, बैंक खाते की पासबुक व मोबाइल नम्बर आदि की जानकारी सहित दस्तावेज प्रस्तुत कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
पात्र किसान को ई-साइन करके अपनी सहमति देनी होगी, जिन कृषकों का नाम 1 फरवरी 2019 तक जमाबंदी रिकार्ड लैण्ड रिकॉर्ड में होगा, वे इस योजना में लाभ लेने के हकदार होंगे। उन्होंने बताया कि योजना में ऐसे लघु एवं सीमान्त कृषक पात्र माने गए हैं, जिनके पास 2 हैक्टेयर या इससे कम कृषि भूमि हो। योजना में ऐसे परिवार शामिल होंगे, जिनमें पति-पत्नी और 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग बच्चे हों और ये सभी सामूहिक रूप से 2 हैक्टेयर या उससे कम कृषि भूमि पर खेती करते हो।
पीएम किसान योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों का आधार अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। वर्ष 2019-20 से लाभ का हस्तांतरण आधार आधारित डेटाबेस के माध्यम से ही सीधे बैंक खातों में किया जाएगा। पात्र परिवारों को एक दिसम्बर 2018 से 31 मार्च 2019 तक की अवधि की प्रथम किश्त की राशि इसी वित्तीय वर्ष में चिन्हिकरण के तत्काल बाद उनके खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के द्वारा योजना के अगाज का लाइव टेलीकास्ट एलईडी पर प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर कृषि विभाग के चंद्रप्रकाश बड़ाया, कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. रामआसरे, सहकारिता विभाग एवं अन्य विभागों ने अपने विभागों की जानकारी भी रखी।
सम्मान निधि योजना, किसान चिन्हित
चौथ का बरवाड़ा. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की रविवार को पंचायत समिति में शुरुआत की गई। इस अवसर पर किसानों को टेलीविजन के माध्यम से योजना की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कार्यवाहक तहसीलदार त्रिलोक गुप्ता, विकास अधिकारी बृजलाल मीणा, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी रामफूल मीणा, पटवारी सहित कई किसान मौजूद रहे।
197 किसानों को मिली पहली किस्त
बौंली. उपखंड मुख्यालय पर भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर रविवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रचार शिविर आयोजित किया गया। इसमें किसानों को दी जाने वाली 6000 की राशि के संबध में पात्रता संबधित एवं आवेदन संबधित जानकारी दी। एसडीएम विजेंद्र मीना के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 197 लघु सीमांत लाभार्थी किसानों को सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि योजना के तहत दो हजार की तीन किस्तें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद सीधे खातों में ट्रांसफर की जाएगी। प्रचार शिविर में बीएसओ रामबिलास प्रजापति, तहसीलदार महेंद्र मीणा व प्रोग्रामर मनोज मीना सहित कई लाभार्थी किसान व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Published on:
25 Feb 2019 02:22 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
