scriptMP News: शिवलिंग बना रहे बच्चों की दर्दनाक मौत की मामले में सीएम मोहन यादव सख्त, लिया बड़ा एक्शन | MP news sagar Collector SP removed in the case of death of children who were making Shivling cm mohan yadav big action | Patrika News
सागर

MP News: शिवलिंग बना रहे बच्चों की दर्दनाक मौत की मामले में सीएम मोहन यादव सख्त, लिया बड़ा एक्शन

श्रीराम-जानकी मंदिर में शिवलिंग बना रहे 15 बच्चों पर 50 साल पुराने मकान का हिस्सा गिरने से नौ बच्चों की मौत के मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सख्त एक्शन लेते हुए कलेक्टर और एसपी को हटाया, नपा सीएमओ और उपयंत्री को किया सस्पेंड

सागरAug 05, 2024 / 08:04 am

Sanjana Kumar

MP Sagar News

मौके पर पहुंची पुलिस।

MP News: श्रीराम-जानकी मंदिर में शिवलिंग बना रहे 15 बच्चों (Children Making Shivling) पर 50 साल पुराने मकान का हिस्सा गिरने से नौ बच्चों की मौत (9 Children dead) हो गई। दो गंभीर हैं। सभी 8 से 15 साल के बीच हैं। घटना सागर जिले के शाहपुर कस्बे की है। हादसे से आहत सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए कलेक्टर और एसपी को हटा दिया है। वहीं नपा सीएमओ धनंजय गुमास्ता, उपयंत्री वीर विक्रम सिंह को सस्पेंड किया। मकान मालिक मुलू, आयोजक शिव, संजीव पटेल पर केस दर्ज किया गया है।
मंदिर में भागवत कथा और शिवलिंग निर्माण का आयोजन चल रहा था। बीती रात मूसलाधार बारिश हुई। पास ही मुलू पटेल का 50 साल पुराना जर्जर मकान अंदर से बांस-बल्ली पर टिका था। ईंटें गिर रही थीं। सुबह 9 बजे मंदिर समिति ने डीजे बजवाया और मकान का हिस्सा गिर पड़ा। परिसर में लाशें बिछ गईं।
हर तरफ चीख-पुकार मच गई। मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सख्ती की है। लापरवाही पर सागर कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी अभिषेक तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह, रहली एसडीएम, शाहपुर प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के डॉ. हरिओम बंसल समेत 5 अफसरों को हटा दिया। शाहपुर नपा सीएमओ धनंजय गुमास्ता, उपयंत्री वीर विक्रम सिंह को सस्पेंड किया। मकान मालिक मुलू, आयोजक शिव, संजीव पटेल पर केस दर्ज हुआ है।

मृतकों में 7 बच्चे इकलौते

मृतकों में 7 बच्चे इकलौते थे। कलेजे के टुकड़े ध्रुव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे तो मां की चीत्कार ने सभी को थर्रा दिया। बहनें भरी आंखें और गले से बोलीं-अब राखी किसे बांधूंगी।

नौ परिवार बिखरे

देवराज साहू (8), वंश लोधी (10), हेमंत जोशी (10), दिव्यांश साहू (10), पर्व विश्वकर्मा (10), धु्रव यादव (12), प्रिंस साहू (12), नीतेश पटेल (13), आशुतोष प्रजापति (15) की मौत हो गई। सुमित प्रजापति व खुशी उर्फ खुशबू पटवा घायल हैं।

संदीप जीआर सागर के नए कलेक्टर, सहवाल एसपी

सीएम ने बारिश में हादसों को रोकने अफसरों को अलर्ट किया था। लेकिन हादसा हुआ। कलेक्टर, एसपी, एसडीएम को जिम्मेदार माना। संदीप जीआर को सागर कलेक्टर व विकास सहवाल को एसपी बनाया गया है। संदीप छतरपुर कलेक्टर व सहवाल रायसेन एसपी थे।

अफसरों ने की आदेश की अनदेखी, इसलिए की बड़ी कार्रवाई

उधर, छिंदवाड़ा जिला पंचायत सीईओ पार्थ जैसवाल (2015) को छतरपुर कलेक्टर बनाया है, जबकि सागर कलेक्टर दीपक आर्य को वल्लभ भवन में उप सचिव बनाया है और एसपी अभिषेक तिवारी को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया है।
वहीं रायसेन एसपी का अतिरिक्त प्रभार जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा है। सरकार ने बारिश को देखते हुए अफसरों को जर्जर और पुराने मकानों को चिह्नित करने के आदेश दिए थे। आरोप है, अफसरों ने इसकी अनदेखी की।

4-4 लाख की मदद दी जाएगी

9 बच्चों के काल कवलित होने की खबर से मन व्यथित है। भगवान दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति दे। परिजनों को 4-4 लाख की मदद दी जाएगी।
-डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

बच्चों की मृत्यु की खबर से मन दुखी है

सागर में हृदय विदारक दुर्घटना में अनके बच्चों की मृत्यु की खबर से मन दुखी है। मैं प्रार्थना करती हूं कि ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता और परिजनों को पीड़ा सहन करने की शक्ति दे।
-द्रौपदी मुर्मु, राष्ट्रपति

Hindi News/ Sagar / MP News: शिवलिंग बना रहे बच्चों की दर्दनाक मौत की मामले में सीएम मोहन यादव सख्त, लिया बड़ा एक्शन

ट्रेंडिंग वीडियो