रतलाम. घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा शुक्रवार की सुबह मुखर्जी नगर में हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने की सूचना पर पहुंचे आपूर्ति विभाग के सहायक आपूर्ति अधिकारी को एक घर में यह काम धड़ल्ले से होता पाया। विभाग ने यहां से 25 बड़े और 14 छोटे गैस सिलेंडर के साथ ही सिलेंडर लाने और ले जाने ऑटो रिक्शा को भी बरामद किया है। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मोहननगर में चल रहा था यह खेल
सहायक आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने बताया इनका मुखिया राजेश पिता मोहनसिंह नामक युवक के मकान में यह काला धंधा चल रहा था। यहां राजेश के साथ मजदूर सवाईसिंह पिता अजयसिंह, बापूसिंह पिता मांगूसिंह और राजेश का पुत्र रोशन मिलकर इस काम को अंजाम देते हुए पाए गए। सभी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया। घर के बाहर अल्पा गैस एजेंसी का आटो रिक्शा भी पाया गया जिसमें 16 सिलेंडर भरे हुए थे।
ऐसे देते थे अंजाम
गोले के अनुसार हाकर राजेश अपनी एजेंसी से सिलेंडर आटो रिक्शा से मंगवाता। कमरे में छोटे सिलेंडरों में गैस भरने के लिए नली का उपयोग करता। बड़े सिलेंडरों को फिर से सील लगा देते और फिर ग्राहकों को डिलीवर करते। छोटे सिलेंडरों को भी ये लोग बेचकर मुनाफा कमाते थे। अल्पा गैस एजेंसी का आटो रिक्शा भी घर के बाहर खड़ा होना पाए जाने से गैस एजेंसी संचालक की मिलीभगत भी इसमें सामने आ रही है।
ये मिला यहां से
– घर के अंदर से 6 बड़े सिलेंडर
– आटो रिक्शा से 19 बड़े सिलेंडर
ृ- घर के अंदर से 14 छोटे सिलेंडर
– गैस रिफिलिंग का सामान
ये होगी इन पर कार्रवाई
सभी चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 में केस पंजीबद्ध कर कलेक्टर को प्रस्तुत किया जाएगा। एजेंसी संचालक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। घर के बाहर खड़ा आटो रिक्शा और गैस सिलेंडर बरामद कर लिए गए हैं।
आनंद गोले, सहायक आपूर्ति अधिकारी, रतलाम