
rajsamand news
राजसमंद. राजसमंद झील का जलस्तर वर्तमान में 16.50 फीट है। झील से निकलने वाली बायीं नहर को पहले ही बंद किया जा चुका है, जबकि दायीं नहर को रविवार को बंद किया जाएगा। इस निर्णय के बाद झील में पेयजल की आपूर्ति के लिए पर्याप्त जल रहेगा, जिससे गर्मी में कोई संकट नहीं होगा।
मानसून की अच्छी बारिश और गोमती व खारी फीडर से पानी की भरपूर आवक के कारण झील का जलस्तर 28 फीट तक पहुंच गया था। सिंचाई विभाग के अनुसार, जल वितरण उपयोग समिति की बैठक में सिंचाई के लिए नहरें खोलने का निर्णय लिया गया था।
राजसमंद झील से निकलने वाली राइट और लेफ्ट कैनाल से 45 गांवों में 10,144 हेक्टेयर और नाथद्वारा के 7 गांवों में 467 हेक्टेयर में फसलों की सिंचाई होती है।
राजसमंद झील से शहरी क्षेत्र को प्रतिदिन 17-18 एमएलडी पानी की सप्लाई की जाती है। गर्मी के बढ़ते तापमान के साथ पानी की मांग में वृद्धि के कारण सप्लाई को 20 एमएलडी तक बढ़ा दिया जाता है। शहरी क्षेत्र में 48 घंटे के अंतराल में पानी की सप्लाई की जाती है।
शहरी क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पेयजल की सप्लाई नियमित रूप से होती है। हालांकि, सनवाड़ के ऊपरी क्षेत्र और रीको के आस-पास के क्षेत्रों में जल की कमी के कारण टैंकरों से जल आपूर्ति की जाती है। इसके लिए जलदाय विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है।
राजसमंद झील लगभग 2.82 किमी चौड़ी और 6.4 किमी लंबी है, जिसकी भराव क्षमता 30 फीट है। गर्मी के दौरान झील से 4-5 फीट तक पानी वाष्पित हो जाता है। वर्तमान जलस्तर को देखते हुए मानसून तक झील में 8-10 फीट पानी रहने की उम्मीद है।
"झील में पेयजल के लिए पानी भरपूर है। गर्मी में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। डिमांड बढ़ने पर पेयजल आपूर्ति 20 एमएलडी कर दी जाती है। जरूरत पड़ने पर टैंकरों की भी व्यवस्था की गई है।"
— दीपेश चौधरी, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, राजसमंद
"झील से निकलने वाली दायीं नहर को कल बंद कर दिया जाएगा, जबकि बायीं नहर पहले ही बंद हो चुकी है। झील का जलस्तर 16.50 फीट है।"
— मानसिंह, एक्सईन, सिंचाई विभाग, राजसमंद
Published on:
30 Mar 2025 01:04 pm

बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
