scriptCG Fraud: महिलाएं हो रहीं ठगी का शिकार, बर्तन-जेवर चमकाने की आड़ में 3 लाख लुटा, रहें Alert नहीं तो… | CG Fraud: Women are becoming victims of fraud, 3 lakhs | Patrika News
रायपुर

CG Fraud: महिलाएं हो रहीं ठगी का शिकार, बर्तन-जेवर चमकाने की आड़ में 3 लाख लुटा, रहें Alert नहीं तो…

CG Fraud: रायपुर शहर के घरो में रखे पुराने बर्तनों और जेवरों को साफ करके चमकाने की आड़ में ठगी करने वाले सक्रिय हो गए हैं। इससे महिलाओं को सावधान रहने की जरूरत है।

रायपुरOct 12, 2024 / 10:59 am

Shradha Jaiswal

CG Cyber Thug
CG Fraud: छत्तीसग्रह के रायपुर शहर के घरो में रखे पुराने बर्तनों और जेवरों को साफ करके चमकाने की आड़ में ठगी करने वाले सक्रिय हो गए हैं। इससे महिलाओं को सावधान रहने की जरूरत है। त्योहार के सीजन में ये लोग ज्यादा सक्रिय रहते हैं। ग्रामीण और शहर के आउटर के इलाकों में ज्यादा वारदात को अंजाम देते हैं। आरंग इलाके में एक महिला से इसी पैटर्न पर ठगी हो गई। पहले बर्तन चमका कर लौटा दिया। इसके बाद महिला ने अपने जेवर साफ करने और चमकाने के लिए दिया। जेवर लेकर महिला रफूचक्कर हो गई। इसकी शिकायत पर आरंग पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें

CG Fraud: हाईकोर्ट में नौकरी लगाने का झांसा देकर 1.64 लाख रुपए की ठगी, अपराध दर्ज

CG Fraud: घर-घर जाकर जेवर चमकाने के नाम पर करते हैं ठगी

CG Fraud: पुलिस के मुताबिक रविदास नगर निवासी रायमती मिर्धा के घर दोपहर में अनिता देवी नाम की महिला पहुंची। महिला खुद को टूटे-फूटे बर्तन के बदले नए बर्तन बनाकर देने और जेवरों की सफाई करने वाली बताया। इस पर रायमती ने अपने घर के पुराने बर्तन दे दिए। महिला उन बर्तनों को ले गई और दूसरे दिन उसी तरह के नए बर्तन रायमती को दिया।
CG Fraud: इससे उसका भरोसा बढ़ गया। इस बार रायमती ने अपने पुराने जेवर सोने का चैन, माला, टॉप्स, चांदी के पैरपट्टी, हाफ करधन, बेनीफूल, चांदी की क्लिप आदि की सफाई करके चमकदार बनाने के लिए दिया। आरोपी महिला सभी जेवर लेकर चली गई। फिर दोबारा नहीं लौटी। महिला करीब 3 लाख के जेवर ले गई है। कई दिनों बाद भी महिला नहीं लौटी, तो पीडि़ता ने आरंग थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

बलौदाबाजार में पकड़ा गया पूरा गैंग

कुछ दिन पहले बलौदबाजार पुलिस ने लवन इलाके से जेवर चमकाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग को पकड़ा है। गिरोह में 8 महिला और 6 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों ने ग्रामीण इलाके में कई महिलाओं को जेवर चमकाने के नाम पर ठगा है। उनसे भारी मात्रा में जेवर बरामद हुए हैं।

रायपुर में भी इसी गैंग की करतूत

रायमती से ठगी करने वाली महिला भी इसी गैंग से जुड़ी होने की आशंका है। पीडि़ता ने आरोपी महिला का फोटो खींच लिया था। फोटो के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार में पकडी गई महिलाओं में से एक महिला की पहचान की है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें

CG Scam News: सरकारी नौकरी दिलाने के लिए दर्जनभर लोगों से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

त्योहार के दिनों में ज्यादा रहते हैं सक्रिय

बर्तन-जेवर चमकाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह त्योहार के समय ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। दिवाली में लोग अपने घरों की साफ-सफाई करने के साथ ही बर्तनों और जेवरों की भी सफाई कराते हैं। इसका फायदा उठाने के लिए ये गिरोह आउटर और ग्रामीण इलाकों में घूमते रहते हैं। ये गृहणियों को निशाना बनाते हैं। उन्हें अपनी बातों में उलझाकर जेवर लेकर फरार हो जाते हैं।
रायपुर एएसपी लखन पटले ने कहा की पुलिस की टीमें बाहर से आने वालों पर नजर रखती है। समय-समय पर उनका वेरीफिकेशन किया जाता है। फेरी लगाने वालों का भी वेरीफिकेशन भी कराया जा रहा है। किसी भी इलाके में इस तरह के संदिग्ध महिला-पुरुष नजर आएं, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

ऐसे बरतें सावधानी

-अनजान लोगों को अपने जेवर नहीं देना चाहिए।
-केवल दुकानों में जाकर जेवरों की सफाई करानी चाहिए।
-संदिग्ध महिला-पुरुषों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
-जान-पहचान के कारीगरों से ही बर्तन-जेवर चमकाने का काम करवाएं।

Hindi News / Raipur / CG Fraud: महिलाएं हो रहीं ठगी का शिकार, बर्तन-जेवर चमकाने की आड़ में 3 लाख लुटा, रहें Alert नहीं तो…

ट्रेंडिंग वीडियो