scriptआपकी बात…केजरीवाल के इस्तीफे का देश की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ेगा? | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात…केजरीवाल के इस्तीफे का देश की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ेगा?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

जयपुरSep 18, 2024 / 01:47 pm

विकास माथुर

अन्य राज्यों में आप का जनाधार बढेगा
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफा देने से दिल्ली की राजनीति में बदलाव हो सकता है। केजरीवाल अब देश के अन्य राज्यों के चुनाव प्रचार में पूरा समय देंगे। इससे वहां की राजनीति में उथल पुथल हो सकती है। आप की मजबूत पकड वाले राज्यों में आप का जनाधार और बढ सकता है।
— संजय माकोड़े, बैतूल
………………………………………………..
राजनीतिक नेता भ्रष्टाचार करने से बचेंगे
केजरीवाल जमानत पर रिहा हुए हैं। देश के अन्य नेता भ्रष्टाचार करने से बचेंगे। देश की राजनीति पर इससे कोई खास असर नहीं पडेगा। देश में आए दिन घोटाले उजागर होते रहते हैं। विपक्षी पार्टी के नेता इसकी आलोचना करते हैं, लेकिन वे स्वयं भी भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हैं। देश की जनता समझदार है। वह सब समझती है।
—लता अग्रवाल, चित्तौड़गढ़
…………………………………………………….
कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा
अरविन्द केजरीवाल ने अपने निजी स्वार्थ और चुनावी फायदे के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी छवि सुधारने के लिए इस्तीफे को अपने राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करेंगे। जिसका देश की राजनीति पर कोई खास प्रभाव नही पड़ेगा।
प्रकाश भगत, कुचामन सिटी, नागौर
………………………………………………………..
विपक्षी दलों को राजनीतिक लाभ सम्भव
दिल्ली के राजनीति में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। इस्तीफे से पार्टी की कार्यक्षमता और लोकप्रियता प्रभावित हो सकती है। विपक्षी पार्टियों को आप पार्टी की कमजोरियां गिनाने का और अपनी रणनीति बनाने का मौका मिलेगा। जनता के विश्वास और असंतोष का स्तर बदल सकता है। कुल मिलाकर, यह इस्तीफा दिल्ली की राजनीति और भारतीय राजनीति के परिदृश्य में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।
—मुकेश भटनागर, भिलाई, छत्तीसगढ़
…………………………………………………………
इस्तीफे से राजनीति में अच्छा संदेश
केजरीवाल के इस्तीफे के निर्णय से राजनीति में अच्छा संदेश मिला। जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप हों, उन्हें जांच होने तक अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और कोई पद ग्रहण नहीं करना चाहिए। अब जनता की अदालत यानी वोटर तय करेंगे कि उन पर लगाए गए आरोप राजनीतिक द्वेष के तहत थे या वास्तविक ​थे।
—सोमकुमार नायर, तिरला, धार, मध्यप्रदेश
…………………………………………………….
सहानुभूति से आप पार्टी के उम्मीदवारों को मिलेगा बल
केजरीवाल के इस्तीफे से उन्हें सहानुभूति मिल सकती है। केवल विपक्षी पार्टियों के नेता ही सीबीआइ और ईडी का शिकार हो रहे हैं। इससे महाराष्ट्र, झारखंड व हरियाणा की राजनीति पर असर दिख सकता है। राजनीति में सियासी हलचल के बीच पार्टियों का नया दांवपेच नजर आएगा।
—सुनीता प्रजापत, हनुमानगढ़
…………………………………………………………
इस्तीफा महज एक राजनीतिक दांव
आम आदमी पार्टी, केजरीवाल के इस्तीफे से जनता को अपनी ईमानदार छवि का संदेश देना चाहते हैं। केजरीवाल जनता के बीच एक स्वच्छ, ईमानदार और नैतिक नेता के रूप में वोट मांगने जा सकें। हरियाणा व दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनावों में वोटरों को लुभा सकें। देश की राजनीति पर इससे कोई असर नहीं पडेगा। उन पर लगे आरोपों का निर्णय तो कोर्ट ही करेगा।
—गजेंद्र चौहान कसौदा, जिला डीग
…………………………………………………………….
पद की अहमियत नहीं
केजरीवाल का इस्तीफा देश के लिए संदेश है कि पद अहमियत नही रखता, जनता की सेवा सर्वोपरि है। अन्य नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद कोई पद ग्रहण नहीं करना चाहिए। देश की राजनीति में खास असर नहीं पडेगा।
— फ़ज़ल अकबर ज़ई, जिला सतना मप्र
……………………………………………………..
आगामी चुनावों में केजरीवाल के प्रचार से आप पार्टी को फायदा
केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद उनके पास कोई जिम्मेदारी न होने से हरियाणा के चुनावों में वे बेधडक चुनाव प्रचार करेंगे। यदि इसका फायदा मिलता है तो दिल्ली के चुनावों में आप पार्टी का हौसला बढ जाएगा। आने वाला समय ही बताएगा कि केजरीवाल के इस्तीफे का देश की राजनीति पर क्या कुछ असर पड सकता है।
— नरेश कानूनगो, देवास, मप्र.
………………………………………………………..
केजरीवाल के आरोपों से भाजपा पर दबाव बढेगा
अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा आप पार्टी को एक नई दिशा और ऊर्जा दे सकता है। उनके द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों से बीजेपी पर दबाव बढ़ सकता है। यह स्थिति राजनीतिक माहौल को और गरमाएगी। सीबीआइ और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को कोर्ट भी पिंजरे का तोता कह चुकी है। जनता की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होगी, इसका कयास लगाना मुश्किल है कि वह इसे किस रूप में लेती है। दिल्ली की राजनीति का असर आप पार्टी प्रभावित अन्य राज्यों पर भी पड सकता है।
— गिरीश ठक्कर, राजनंदगांव
………………………………………………………..

Hindi News/ Prime / Opinion / आपकी बात…केजरीवाल के इस्तीफे का देश की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ेगा?

ट्रेंडिंग वीडियो