scriptआपकी बात, जल प्रबंधन को लेकर सरकारें गंभीर क्यों नहीं हैं? | dgfg | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात, जल प्रबंधन को लेकर सरकारें गंभीर क्यों नहीं हैं?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

जयपुरJun 27, 2024 / 07:17 pm

Gyan Chand Patni

रोकनी होगी पानी की बर्बादी
जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम चक्र गड़बड़ा गया है। बारिश कम होने और अंधाधुंध दोहन होने से भूमिगत जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। पानी के परंपरागत स्रोत उपेक्षित हो गए हैं। जनसंख्या वृद्धि, शहरीकरण और औद्योगिकीकरण की वजह से वनों की कटाई के कारण औसत से कम वर्षा होने लगी है। इसके बावजूद सरकार ने जल प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया। सबसे जरूरी बात यह है कि पानी का अपव्यय नहीं हो। घरेलू कामों, खेती और उद्योगों में पानी की बर्बादी नहीं होनी चाहिए। परंपरागत जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जाए। वर्षा जल के संरक्षण के प्रयास किए जाएं।
—निर्मला देवी वशिष्ठ राजगढ़ अलवर
…………….
सतही प्रयास
जल प्रबंधन को लेकर सरकारें गंभीर नहीं हैं। असल में वे अपने राजनीतिक हित चिंतन में ही लगी रहती हैं तथा जल संचयन-प्रबंधन जैसे मामलों पर ध्यान ही नहीं देतीं। ऐसे मामलों में उनके प्रयास सतही होते हैं।
— भगवती प्रसाद गेहलोत, मंदसौर, मप्र
…………..
सही प्रबंधन की आवश्यकता
भारत में मानसून से होने वाली वर्षा का यदि समुचित उपयोग किया जाए तो जल संकट से निजात पाई जा सकती है। इसके सही योजना बनाने की जरुरत है। कई देश ऐसे है जहां बहुत कम बारिश होती है, पर वे वर्षाजल की एक-एक बूंद सहेज लेते हैं और जल संकट से बचे रहते हैं।
—संजय डागा, हातोद
…………….
योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं
जल प्रबंधन के मामले में सरकारें गंभीर नहीं हैं। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में नल से जल की योजना पिछड़ चुकी है। योजनाओं का सही क्रियान्वयन नही होता है।
—राजन गेदर, सूरतगढ़ गंगानगर
…………….
वर्षा जल संरक्षित करने पर दिया जाए ध्यान
तीसरा विश्व युद्ध पानी के लिए होगा, इतनी गंभीर चेतावनी के बाद भी सरकारें इसे समझ नहीं रही हैं। लोग पानी के लिए परेशान हैं। यह सब प्रशासनिक व्यवस्था की लापरवाही है। स्थानीय निकायों को नालों की सफाई करने और वर्षा जल को संरक्षित करने पर ध्यान देना चाहिए।
—लता अग्रवाल चित्तौड़गढ़
…………
प्रभावी हो भूजल प्रबंधन
सरकार को मुख्यतया भूजल प्रबंधन पर ध्यान देने की आवश्यकता हैं। वर्षाकाल के समय ही भूजल स्तर में बढ़ोतरी होती हैं। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में भूजल स्तर में अत्यंत गिरावट दर्ज हुई है। इसलिए जल नीति में परिवर्तन कर सरकारें भूजल दोहन पर अंकुश लगा सकती हैं। भूजल के अत्यधिक दोहन को रोक जा जाना चाहिए।
—मनु प्रताप सिंह,चींचडौली,खेतड़ी
…………
बढ़ता भ्रष्टाचार
जल प्रबंन को लेकर सरकारें गंभीर नहीं होने का प्रमुख कारण बढ़ता भ्रष्टाचार है। नेताओं और अफसरों की गलत नीतियों और बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण जल प्रबंधन से सम्बंधित योजनाओं का धरातल पर सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो पाता है। योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहती हैं।
—प्रकाश भगत, कुचामन सिटी, नागौर
………..
नीयत में खोट
जल प्रबंधन पर ध्यान नहीं देने के कारण समस्या बढ़ रही है। असल में नीतियों की कमी नहीं है, नीयत में खोट है। योजनाएं राजनीतिक दबाब एवं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं। नीतियों को धरातल पर उतारने पर जोर देना होगा।
—जयपाल जैन, हनुमानगढ़

Hindi News/ Prime / Opinion / आपकी बात, जल प्रबंधन को लेकर सरकारें गंभीर क्यों नहीं हैं?

ट्रेंडिंग वीडियो