scriptजिपं सदस्य ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, घटना सीसीटीवी में कैद | Patrika News
समाचार

जिपं सदस्य ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, घटना सीसीटीवी में कैद

तीन दिन पहले ढाबे पर विवाद के बीच फायरिंग, मारपीट व तोडफ़ोड़ भी की थी सागर. जिला पंचायत सदस्य सरवजीत सिंह लोधी पर ढाबे पर फायरिंग, मारपीट और तोडफ़ोड़ करने का मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार को एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक बांदरी थाना में पदस्थ एक पुलिसकर्मी को मारने […]

सागरJul 27, 2024 / 01:07 am

नितिन सदाफल

पुलिसकर्मी को मारने का प्रयास करता आरोपी

पुलिसकर्मी को मारने का प्रयास करता आरोपी

तीन दिन पहले ढाबे पर विवाद के बीच फायरिंग, मारपीट व तोडफ़ोड़ भी की थी

सागर. जिला पंचायत सदस्य सरवजीत सिंह लोधी पर ढाबे पर फायरिंग, मारपीट और तोडफ़ोड़ करने का मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार को एक और वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक बांदरी थाना में पदस्थ एक पुलिसकर्मी को मारने की कोशिश करते नजर आ रहा है। मामला चार दिन पहले थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर हुए विवाद के दौरान का है। वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि कुछ लड़के हथियारों से लैस हैं, सामने से आए पुलिसकर्मी ने उन्हें हाथ दिखाते हुए रोकने का प्रयास किया इसी दौरान मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए एक युवक पुलिसकर्मी को लात मारने की कोशिश करता है, लेकिन उसके साथी उसे पकड़ लेते हैं। पुलिस के अनुसार मारने की कोशिश करने वाला जिला पंचायत सदस्य सरवजीत सिंह लोधी है।
ढाबे पर किया था विवाद

बांदरी थाना पुलिस ने 32 वर्षीय सौरभ पुत्र बाबूलाल साहू की शिकायत पर 23 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज की थी। सौरभ ने शिकायत में बताया कि बांदरी निवासी ऋषभ पाटकर, अरविंद पाटकर, कुलदीप ठाकुर और छोटू लोधी ढाबे पर चाय पीने आए थे। ढाबे पर पहले से सरवजीत लोधी का ड्रायवर सौरभ सूर्यवंशी अपने एक अन्य साथी के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। उसी समय छोटू लोधी ने डस्टबिन में थूक दिया तो सौरभ सूर्यवंशी ने गाली-गलौज करते हुए वहां रखी कांच की बोतल कुलदीप को मार दी। इसके बाद सौरभ ने फोन लगाया तो सरवजीत, हार्दिक ठाकुर व संदीप राय के साथ आया और कार से उतरते ही फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सभी ने मिलकर तोडफ़ोड़ और लोगों के साथ मारपीट भी की। जिस पर पुलिस ने सरवजीत सिंह लोधी, हार्दिक ठाकुर और संदीप राय निवासी कानोनी और सौरभ सूर्यवंशी निवासी सागर के खिलाफ आपराधिक मामला पंजीबद्ध किया है।
आरोपियों की तलाश कर रहे हैं

बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत ने बताया कि घटना के बाद सरवजीत व उसके साथियों पर मारपीट, फायरिंग, तोडफ़ोड़, अवैध हथियार सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है। शुक्रवार को एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मी को मारने का प्रयास करता दिख रहा है। इसमें पुलिसकर्मी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindi News/ News Bulletin / जिपं सदस्य ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, घटना सीसीटीवी में कैद

ट्रेंडिंग वीडियो