समाचार

10 साल में पहली बार पूरी हुई चिकित्सा विभाग की संविदा भर्ती, अस्पतालों की हांफती व्यवस्था को मिलेगा डोज

श्रवण शर्मा, कॅरियर काउंसलर

2 min read
Mar 28, 2025

प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को मिले आठ कैडर के लगभग 18 हजार कर्मचारी

बेरोजगारों में अब संविदा भर्तियों का विरोध भी, क्योंकि नियमित भर्ती अंकों से और संविदा परीक्षा में चयन परीक्षा से

कोरोना के बाद लगातार भर्तियों से नर्सिंग सेक्टर की तरफ बढ़ रहा युवाओं का रूझान

सीकर.

चिकित्सा विभाग में संविदा भर्तियों के सहारे स्थायी नौकरी की आस रखने वाले प्रदेश के लगभग 20 हजार बेरोजगाराें की उम्मीदों को लगभग 10 साल में पहली बार पक्की राहत मिली है। पिछली सरकार के समय संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के लिए आठ कैडर में भर्ती की विज्ञप्ति जारी हुई थी। बोनस अंक सहित अन्य विवादों की वजह से भर्ती एक साल तक अटकी रही। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बीच चिकित्सा विभाग की भर्ती पर तलवार भी लटकी। लेकिन बेरोजगारों के बीच सीएम व चिकित्सा मंत्री ने भर्तियों को आगे बढ़ाने का ऐलान किया। अब चिकित्सा विभाग की ओर से आठ कैडरों में अंतिम फार्मासिस्ट कैडर का परिणाम भी जारी कर दिया है। इससे बेरोजगारों को नौकरी की खुशियां मिलने के साथ चिकित्सा विभाग की व्यवस्था भी पटरी पर आ सकेगी। दूसरी तरफचिकित्सा विभाग की ओर से स्थायी भर्ती संविदा के अंकों के आधार पर करने और अस्थाई भर्ती परीक्षा के आधार पर करने से बेरोजगारों में नाराजगी भी है।

फार्मासिस्ट भर्ती: 468 का रोका परिणाम

फार्मासिस्ट भर्ती के लिए सीफू ने 2347 पदों के लिए भी अंतिम वरीयता सूची जारी कर दी है। फार्मासिस्ट के 3067 पदों में से 252 पद बैकलॉग के हैं तथा 468 पदों पर विभिन्न कारणों से परिणाम रोका गया है। फार्मासिस्ट भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों ने बतााय कि वह दस साल से संविदा के जरिए सेवा देने में जुटे थे। अब सरकार ने स्थायी नियुक्ति का तोहफा दिया है। अब फार्मासिस्ट भर्ती की जल्द पदस्थापन सूची जारी होने की आस है।

इन आठ कैडरों की हुई भर्ती

राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान के जरिए दंत तकनीशियन, ईसीजी तकनीशियन, लैब टेक्नीशियन, नेत्र सहायक, सहायक रेडियोग्राफर, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, नर्सिंग ऑफिसर व फार्मासिस्ट के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी हुई थी। विभाग की ओर से पहले 17 हजार पदों के लिए परिणाम जारी किया जा चुका। विभाग की ओर से आठ कैडर के करीब 20 हजार 546 पदों पर नियमित भर्ती कराई थी।

टॉपिक एक्सपर्ट...

नर्सिंग सेक्टर में अब नई भर्तियों की खुलेंगी राहें

कोराना के बाद नर्सिंग सेक्टर को लेकर लगातार युवाओं में क्रेज बढ़ रहा है। सरकार के दूसरे साल में ही लगभग 20 हजार पदों पर भर्ती पूरी होने से नर्सिंग सेक्टर के युवाओं को बूस्टर डोज मिलेगा। अब नई भर्तियों की आस भी बेरोजगारों में जगी है। सरकार को नर्सिंग सेक्क्टर में सीधी भर्तियों की राहें भी खोलनी चाहिए।

श्रवण कुमार शर्मा, नर्सिंग भर्ती मामलों के विशेषज्ञ

दवा वितरण व्यवस्था में होगा सुधार

प्रदेश में लंबे समय से फार्मासिस्ट भर्ती अटकी हुई थी। फार्मासिस्ट भर्ती की राह में कई तरह की तकनीकी दिक्कतों को दूर करते हुए सरकार ने अब भर्ती प्रक्रिया पूरी कर दी है। इस भर्ती के पूरा होने से दवा वितरण व्यवस्था में सुधार हो सकेगा।

रामवतार खाण्डल, फार्मासिस्ट भर्ती संघर्ष समिति सदस्य

फैक्ट फाइल....

फार्मासिस्ट: 3067

रेडियोग्राफर: 1178

नर्सिंग ऑफिसर: 8750

लेब टेक्निशियन: 2190

नेत्र सहायक: 117

डेंटल टेक्नीशियन: 151

एएनएम: 4847

ईसीजी टेक्निशियन: 246

( चिकित्सा विभाग की ओर से किस कैडररे लिए कितनों पदों पर भर्ती )

Published on:
28 Mar 2025 01:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर