15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rain: दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम, अगले 24 घंटे 60 की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना

Rain: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम को आंधी-बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में कमोबेश मौसम का ऐसा ही हाल रहने की संभावना है।

3 min read
Google source verification
Yellow Alert: 60 की रफ्तार से चलेगी आंधी, बारिश से मिलेगी राहत, सीएम रेखा गुप्ता ने परखीं तैयारियां

Yellow Alert: 60 की रफ्तार से चलेगी आंधी, बारिश से मिलेगी राहत, सीएम रेखा गुप्ता ने परखीं तैयारियां

Rain: राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम आई आंधी-बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली है। तपती गर्मी में बारिश से न केवल तापमान कम हुआ, बल्कि प्रदूषण भी कुछ हद तक साफ हो गया। शनिवार को भी दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार शाम आई तेज आंधी-तूफान के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे के बीच पीतमपुरा का तापमान 37 डिग्री से घटकर 27 डिग्री रह गया, जबकि पूसा क्षेत्र में यह 36 डिग्री से गिरकर 27 डिग्री पर आ गया। इसी प्रकार, मयूर विहार और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे अन्य इलाकों में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि अगले 24 घंटे दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि रात के समय हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। हालांकि इस बीच कुछ समय के लिए हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल?

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब रहने रहेगा। इस दौरान दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी या तेज हवाएं चल सकती हैं। जिनकी औसत रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके साथ ही शनिवार को दिल्ली-एनसीआर का औसत अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

20 अप्रैल को रहेगी आंशिक बदली, चलेगी तेज हवा

20 अप्रैल को भी मौसम में हल्का बदलाव बने रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रह सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 21, 22 और 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन दिनों आसमान साफ रहेगा और फिलहाल लू चलने की कोई आशंका नहीं है।

यह भी पढ़ें : भीषण आंधी-बारिश के साथ होगी मानसून की एंट्री, मौसम विभाग ने बता दी तारीख

दिल्ली-एनसीआर में 24 अप्रैल से बढ़ेगा तापमान

24 अप्रैल को तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। हालांकि तापमान बढ़ेगा, फिर भी लू चलने की आशंका नहीं जताई गई है। दूसरी ओर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मानसून की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने शनिवार को उन क्षेत्रों का दौरा किया। जहां मानसून की बारिश के दौरान जलभराव की समस्या होती है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मानसून आने से पहले क्षेत्र के सभी नाले साफ करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने मानसून तैयारियों का लिया जायजा

शनिवार को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ मानसून की बारिश के दौरान अत्यधिक जलभराव वाले मिंटो ब्रिज अंडरपास का दौरा किया। इस दौरान सीएम रेखा ने बताया कि भारी बारिश के दौरान पानी को बाहर निकालने के लिए यहां ऑटोमेटिक पंप लगाए गए हैं। इसके साथ ही पानी को बाहर निकालने के लिए 2.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई गई है। जलभराव की निगरानी रखने के लिए यहां 24 घंटे पंप ऑपरेटर तैनात रहेंगे। दिल्ली में जहां सबसे ज्यादा पानी भरता है। उन स्‍थानों की पहचान कर ली गई है।

इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता ने डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास रिंग रोड सहित जलभराव वाले प्रमुख इलाकों का निरीक्षण किया। ये स्थान हर साल जलभराव के टॉप 10 हॉटस्पॉट में शामिल रहते हैं। दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने बिजली, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के साथ बैठक कर ट्रैफिक जाम, डार्क स्पॉट और जलनिकासी से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा “हमारा लक्ष्य है दिल्ली में कहीं भी जलभराव या ट्रैफिक की समस्या न हो। जहां दीर्घकालिक समाधान चल रहे हैं। वहां अस्थायी रूप से अतिरिक्त पंप लगाए जाएंगे। सभी कार्यों की समय पर पूर्ति और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।