राजस्थान में अब लू नहीं बारिश का अलर्ट
राजस्थान में अब भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है। प्रदेश के तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। ऐसे में अब लू और प्रचंड गर्मी से राहत मिली है। IMD की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक आगामी 3-4 दिन में तापमान में और गिरावट आने वाली है। ऐसे में गर्मी और लू से और राहत मिलने की संभावना है। पिछले 20 दिन में प्रदेश में लोगों ने भयंकर गर्मी का सामना किया था। कुछ जिलों का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तक पहुंच गया था।
UP के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में तापमान 45 से 48 डिग्री पार कर रहा है। गर्मी में भट्ठी की तरह उबलते शहरों ने शनिवार को थोड़ी राहत मिली। UP में भीषण गर्मी के बीच शनिवार को तेज हवाओं ने मौसम बदल दिया। इससे तापमान में कुछ हद तक गिरावट दर्ज की गई। अब रविवार और सोमवार को बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो एक दिन पहले के तापमान से 3.60 डिग्री कम है। जब नोएडा-गाजियाबाद में दोपहर 3 बजे मौसम में बदलाव आया और आंधी के हल्की बूंदाबांदी से पारा लुढ़क गया।
अन्य राज्यों का हाल
अन्य राज्यों की बात करें तो बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, विदर्भ में अगले पांच दिनों के दौरान, मध्य महाराष्ट्र में 2-5 जून के बीच हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। ओडिशा में एक और दो जून, गंगीय पश्चिम बंगाल में एक जून को भारी बरसात होने वाली है। वहीं अगर साउथ इंडिया की बात करें तो केरल,अंडमान, माहे, लक्षद्वीप, निकोबार द्वीप, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, में अगले सात दिनों तक बारिश होने की संभावना है।