scriptNew Lok Sabha : 504 करोड़पति, 251 दागी, 74 महिलाएं; जानिए नई लोकसभा में आने वाले सांसदों के बारे में | New Lok Sabha ADR report of winning candidates in lok sabha elections 2024 all details hers | Patrika News
राष्ट्रीय

New Lok Sabha : 504 करोड़पति, 251 दागी, 74 महिलाएं; जानिए नई लोकसभा में आने वाले सांसदों के बारे में

ADR report New Lok Sabha: एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 504 (93%) नवनिर्वाचित सांसद करोड़पति हैं। सबसे ज्यादा 227 करोड़पति भाजपा के हैं। कांग्रेस 92 करोड़पतियों के साथ दूसरे नंबर पर है।

नई दिल्लीJun 07, 2024 / 09:21 am

Paritosh Shahi

ADR report New Lok Sabha: नवनिर्वाचित 543 सांसदों में से 251 (46%) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 27 को दोषी ठहराया जा चुका है। भाजपा के सबसे ज्यादा 63 सांसद दागी हैं। नई लोकसभा के गठन की तैयारियों के बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) ने चुनाव जीतने वाले सभी उम्मीदवारों के हलफनामों की विश्लेषण रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक इस बार के लोकसभा चुनाव में अब तक के सबसे ज्यादा दागी प्रत्याशी चुने गए। इससे पहले 2019 में यह संख्या 233 (43%), 2014 में 185 (34%), 2009 में 162 (30%) और 2004 में 125 (23%) थी। नवनिर्वाचित सांसदों में से 170 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, महिलाओं के खिलाफ अपराध और नफरती भाषण के मामले शामिल हैं।

ADR Report: किस पार्टी में कितने नवनिर्वाचित दागी

पार्टी विजेता आपराधिक मामले प्रतिशत
भाजपा 240 63 26%
कांग्रेस 99 32 32%
सपा 37 17 46%
टीएमसी 29 7 24%
डीएमके 22 6 27%
टीडीपी 16 5 31%
शिवसेना 7 4 57%

ADR Report: 74 महिलाएं जीतीं

इस बार 74 महिलाएं (13.62%) जीती हैं, जो 2019 की 78 महिलाओं (14%) के मुकाबले कुछ कम हैं। भाजपा की 30, कांग्रेस की 14, तृणमूल कांग्रेस की 11, सपा की चार, द्रमुक की तीन, जद-यू एवं लोजपा (रामविलास) की दो-दो महिला प्रत्याशी विजयी रहीं। विजेता महिलाओं में 16 फीसदी 40 साल से कम उम्र की हैं। 41 फीसदी पहले भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। एक राज्यसभा सदस्य रही हैं। सबसे ज्यादा 11 महिलाएं पश्चिम बंगाल से चुनकर आई हैं।

ADR Report: 504 करोड़पति

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक 504 (93%) नवनिर्वाचित सांसद करोड़पति हैं। सबसे ज्यादा 227 करोड़पति भाजपा के हैं। कांग्रेस 92 करोड़पतियों के साथ दूसरे नंबर पर है। चुनावी हलफनामे में इन सभी की संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है। हर विजेता उम्मीदवार के पास औसतन 46.34 करोड़ रुपए की संपत्ति है। भाजपा के सभी 240 विजेता उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 50.04 करोड़ रुपए है।

ADR Report: कहां कितनी संपत्ति
 

विजेता प्रतिशत
10 करोड़ रुपए से ज्यादा 227 42%
5 करोड़ से 10 करोड़ रुपए 103 19%
1 करोड़ से 5 करोड़ रुपए 174 32%
20 लाख से 1 करोड़ रुपए 35 6%
20 लाख रुपए से कम 4 1%
तीन सबसे अमीर
संपत्ति (करोड़ रुपए) पार्टी

  1. डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी (आंध्र प्रदेश) 5,705 तेदेपा
  2. कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी (तेलंगाना) 4,568 भाजपा
  3. नवीन जिंदल (हरियाणा) 1241 भाजपा

तीन सबसे युवा

सबसे युवा विजेता शाम्भवी चौधरी, पुष्पेंद्र सरोज और प्रिया सरोज हैं। तीनों 25 साल के हैं, एक एलजेपी और दो सपा के टिकट पर जीते हैं। सबसे उम्रदराज नवनिर्वाचित सांसद डीएमके के टी.आर. बालू हैं, जिनकी उम्र 82 साल है।

Hindi News/ National News / New Lok Sabha : 504 करोड़पति, 251 दागी, 74 महिलाएं; जानिए नई लोकसभा में आने वाले सांसदों के बारे में

ट्रेंडिंग वीडियो