13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Congress Candidate List Lok Sabha Elections 2024: राहुल अमेठी से नहीं लड़ोगे? डर गए? बीजेपी ने कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पर साधा निशाना

Congress Candidate first List Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के 39 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

2 min read
Google source verification
rahul_gandhi_smriti_irani.jpg

Congress Candidate first List Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के 39 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी केरल के वायनाड से फिर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट को लेकर किसी नाम का ऐलान नहीं किया है। अब इसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। बीजेपी आईटी सेल के मुखिया अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कहा कि क्या राहुल गांधी डर गए हैं। अमित मालवीय ने लिखा, 'राहुल गांधी अमेठी से चुनाव नहीं लड़ेंगे? डर गए?' बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को 50 हजार से अधिक मतों से हराया था।



पार्टी कार्यालय में कांग्रेस महासचिव (संगठन) वेणुगोपाल द्वारा घोषित सूची में 18 मौजूदा सांसदों को टिकट दिये गये हैं। पहली सूची में केरल से सबसे ज्यादा 16 उम्मीदवारों के नाम हैं। राज्य में पार्टी के मौजूदा 15 सांसदों में से 14 को दोबारा मौका दिया गया है। वडकरा से सांसद के. मुरलीधरन के स्थान पर शाफी परांबिल को उम्मीदवार बनाया गया है। वेणुगोपाल अलापुझा सीट से ताल ठोकेंगे - एकमात्र सीट जो कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ 2019 में केरल में हार गई थी। मौजूदा सांसद शशि थरूर को तिरुवनंतपुरम से टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। राजनंदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और महासमुंद से ताम्रध्वज साहू को मैदान में उतारा गया है। कोरबा से मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत पर पार्टी ने एक बार फिर विश्वास जताया है। कर्नाटक से सात उम्मीदवार हैं, जिनमें उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के भाई और पार्टी के राज्य में एकमात्र मौजूदा सांसद डी.के. सुरेश को बेंगलुरु ग्रामीण से उम्मीदवार बनाया गया है। सूची में मेघालय की दो सीटें भी शामिल हैं। शिलांग के मौजूदा सांसद विंसेंट पाला को फिर टिकट दिया गया है। लक्षद्वीप, नागालैंड और सिक्किम से भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। केंद्रशासित प्रदेश और दोनों राज्यों में एक-एक सीटें ही हैं।

तेलंगाना से चार और त्रिपुरा से एक सीट पर भी पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। सूची में सामान्य वर्ग से 15 जबकि अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग से 24 नाम हैं। बारह उम्मीदवारों की उम्र 50 वर्ष से कम है, आठ की उम्र 50 से 60 के बीच है, और 12 की उम्र 71 से 76 के बीच है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की गुरुवार शाम यहां हुई बैठक के एक दिन बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गये।